55 साल के सफर में पुरुष वनडे क्रिकेट ने 5000 मैचों का आंकड़ा पार कर लिया है। इस दौरान खेल का अंदाज और रिकॉर्ड दोनों बदले, लेकिन रोहित शर्मा, सचिन तेंदुलकर और एमएस धोनी जैसे भारतीय दिग्गजों के नाम आज भी कई बड़े रिकॉर्ड कायम हैं।
पुरुष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वनडे ऐसा पहला फॉर्मेट बन गया है, जिसमें 5000 मैच खेले गए हों। शुक्रवार को स्कॉटलैंड और कनाडा के बीच मुकाबले के साथ ही पुरुष वनडे क्रिकेट ने यह ऐतिहासिक मुकाम हासिल कर लिया। जनवरी 1971 में शुरू हुआ यह प्रारूप पिछले 55 वर्षों में लगातार बदलता रहा है। कई बार इसके अस्तित्व पर भी सवाल उठे। कई पूर्व क्रिकेटरों ने इसे बोरिंग बताया और बंद करने की मांग की। हालांकि, तमाम चुनौतियों के बावजूद वनडे क्रिकेट का अहम हिस्सा बना हुआ है।
विज्ञापन
वनडे से करीब 94 साल पहले टेस्ट क्रिकेट की शुरुआत हुई थी। टेस्ट का पहला मैच 1877 में खेला गया था। वहीं, पहला टी20 2005 में खेला गया था। टेस्ट अभी 3000 मैचों के आंकड़े तक भी नहीं पहुंचा है, जबकि टी20 ने 4000 का आंकड़ा पार कर लिया। आइए विस्तार से जानते हैं कि वनडे के तमाम रिकॉर्ड्स और आंकड़ों के बारे में। आइए जानते हैं कि सबसे ज्यादा मैच किसने खेला, सबसे ज्यादा जीत किस टीम को मिली, सबसे ज्यादा रन और शतक किसने बनाए समेत सभी सवालों के जवाब...
पहले आइए देखते हैं कि 1971 से लेकर अब तक वनडे क्रिकेट में क्या बदलाव आए-
2019 वनडे विश्व कप फाइनल
- फोटो : ICC
1. शुरुआती 1000 मैच खेलने में लगे 24 साल
5000 मैचों को 1000-1000 मैचों के पांच हिस्सों में बांटने से वनडे क्रिकेट में आए बदलावों की तस्वीर और साफ होती है। शुरुआती 1000 वनडे मैच खेलने में 24 साल लगे। 1000वां मैच 1995 में नॉटिंघम में इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच खेला गया था और यह मुकाबला रिजर्व डे तक गया था। इसके बाद अगले 31 वर्षों में 4000 और वनडे खेले गए।
दूसरे 1000 वनडे मैच सिर्फ आठ साल में खेले गए, जो पहले 1000 मैचों में लगे समय के एक-तिहाई से भी कम था। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के आने के बावजूद शुरुआत में वनडे की संख्या में तुरंत गिरावट नहीं आई। 2007 में 191 वनडे खेले गए, जो एक साल में सबसे ज्यादा वनडे का रिकॉर्ड था। 2023 के वनडे विश्व कप वाले साल में यह रिकॉर्ड टूट गया, जब 218 मैच खेले गए।
हालांकि पांचवें 1000 मैचों के हिस्से में 3065 दिन लगे। 2020 में कोरोना महामारी के कारण लगा ब्रेक, टी20 लीग की बढ़ती संख्या और द्विपक्षीय सीरीज के छोटा होने जैसे कारणों ने वनडे को प्रभावित किया।
2. लगातार बढ़ा स्कोरिंग रेट
पहले 1000 वनडे मैचों में पूरी हुई पहली पारियों का औसत स्कोर सिर्फ 213.9 रन था। दूसरे 1000 मैचों में यह 232.62, तीसरे में 240.4 और चौथे में 250.67 तक पहुंच गया। पांचवें 1000 मैचों में इसमें मामूली गिरावट आई और औसत पहली पारी का स्कोर 249.97 रहा।
हर 1000 वनडे में औसत पहली पारी का स्कोर
1000 मैचों का दौर
औसत पहली पारी
जीतने वाली टीम की
औसत पहली पारी
पहले 1000
213.90
240.16
दूसरे 1000
232.62
262.51
तीसरे 1000
240.43
279.74
चौथे 1000
250.68
287.03
पांचवें 1000
249.97
289.38
नोट: केवल बिना घटाए गए ओवर वाली पारियों और मैचों को शामिल किया गया है
2023 विश्व कप फाइनल
- फोटो : ANI
3. बड़े स्कोर की संख्या में काफी इजाफा
हाल के 1000 मैचों में बड़े स्कोर की संख्या में काफी इजाफा हुआ। इस दौर में 300 या उससे ज्यादा के 321 स्कोर बने। इनमें 86 बार स्कोर 350 से ज्यादा रहा, जबकि 14 बार टीमों ने 400 का आंकड़ा पार किया। पहले 3000 वनडे मैचों में 300 या उससे ज्यादा के केवल 360 स्कोर बने थे और 350 से ज्यादा के सिर्फ 47।
लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों ने भी बड़े स्कोर बनाए। पिछले 1000 वनडे में चेज करने वाली टीमों ने 90 बार 300 या उससे ज्यादा का स्कोर बनाया। इनमें 44 स्कोर सफल 300+ चेज में आए। 14 बार 350 का आंकड़ा भी पार हुआ, जो पहले 4000 मैचों में हुए ऐसे 10 स्कोर से चार ज्यादा है।
वनडे में हर 1000 मैच पर छक्कों का बढ़ता रोमांच
वनडे संख्या
अवधि
मैच
प्रति 1000 मैच छक्के
1-1000
1971-1995
1-1000
2729+
1001-2000
1995-2003
1001-2000
4279+
2001-3000
2003-2010
2001-3000
5523
3001-4000
2010-2018
3001-4000
7350
4001-4998
2018-2026
4001-4998
9274
नोट: + क्योंकि सटीक गिनती उपलब्ध नहीं है
4. ज्यादा रन, ज्यादा छक्के और ज्यादा विकेट
शुरुआती 1000 मैचों में जहां 2729+ छक्के लगे, वहीं 4001वें से 4998वें वनडे के दौर में यह आंकड़ा बढ़कर 9274 हो गया। यानी शुरुआती दौर के मुकाबले छक्कों की संख्या तीन गुने से भी ज्यादा हो गई। यानी वनडे क्रिकेट में जैसे-जैसे दौर आगे बढ़ा, बल्लेबाजों के छक्के लगाने की रफ्तार लगातार बढ़ती गई।
हाल के 1000 वनडे मैचों में बल्लेबाजी औसत भी बढ़कर 29.03 हो गया, जो पहले 1000 मैचों में 26.39 था। बल्लेबाजों का स्ट्राइक रेट भी 66.15 से बढ़कर 83.4 हो गया। बाउंड्री लगाने की दर में भी बड़ा इजाफा हुआ है। अब करीब दो दशक पहले की तुलना में दोगुनी से ज्यादा तेजी से बाउंड्री लगती हैं।
दूसरे 1000 वनडे के दौरान हर 127.01 गेंद पर एक छक्का लगता था और प्रति मैच औसतन 4.30 छक्के लगते थे। हालिया 1000 मैचों में यह आंकड़ा बढ़कर 9.29 छक्के प्रति मैच हो गया है। अब हर 55.42 गेंद पर एक छक्का लग रहा है। प्रति मैच बाउंड्री की संख्या भी 38.05 से बढ़कर 48.07 हो गई है।
गेंदबाजों के लिए भी विकेट लेने के लिहाज से सुधार हुआ है। हालिया 1000 मैचों में हर 36.8 गेंद पर एक विकेट गिरा, जो पांचों दौर में सबसे बेहतर आंकड़ा है। पहले 1000 मैचों में एक विकेट के लिए औसतन 45 गेंद लगती थीं। वहीं इकोनॉमी रेट 4.14 से बढ़कर 5.2 रन प्रति ओवर हो गया। पांच विकेट लेने वाले गेंदबाजों की संख्या भी पहले 1000 मैचों के 95 से बढ़कर नवीनतम 1000 में 177 हो गई।
वसीम अकरम
- फोटो : Social Media
5. हेंस से होप और अकरम से जैम्पा तक
शुरुआती 1000 मैचों में डेसमंड हेंस8648 रन के साथ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। इसके बाद सचिन तेंदुलकर ने दूसरे 1000 मैचों में 9149 रन बनाकर शीर्ष स्थान हासिल किया और वह लंबे समय तक इस रिकॉर्ड पर कायम रहे।
शुरुआती 1000 मैचों में वसीम अकरम के 273 विकेट सबसे ज्यादा थे। 1994 से 2009 के बीच वह वनडे में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे, जिसके बाद मुथैया मुरलीधरन ने उन्हें पीछे छोड़ा। मुरलीधरन अब भी इस रिकॉर्ड पर कायम हैं।
तीसरे दौर के अंत में सचिन तेंदुलकर ने पुरुष वनडे में पहला दोहरा शतक लगाया। इसके बाद अगले 1000 मैचों में छह दोहरे शतक बने, जिनमें तीन अकेले रोहित शर्मा के नाम रहे। नवीनतम 1000 मैचों में पांच बल्लेबाजों ने दोहरे शतक लगाए, लेकिन फरवरी 2024 के बाद कोई दोहरा शतक नहीं आया।
हालिया 1000 मैचों में शाई होप 5391 रन के साथ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे, जबकि एडम जैम्पा ने 156 विकेट लेकर गेंदबाजों में शीर्ष स्थान हासिल किया। पिछले दौरों के शीर्ष खिलाड़ियों की तुलना में इनके आंकड़े कम हैं, जो दिखाता है कि अब ज्यादा टीमें वनडे खेल रही हैं और शीर्ष टीमें पहले की तुलना में कम वनडे खेल रही हैं।
आइए अब इस खेल से जुड़े कुछ आंकड़े और रिकॉर्ड्स पर नजर डालें-
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम
- फोटो : Cricket Australia
किस टीम ने सबसे ज्यादा वनडे खेले और जीते
ऑस्ट्रेलिया 1025 मैचों में 619 जीत के साथ इस सूची में सबसे सफल टीम है। उसका जीत/हार अनुपात 1.709 है।
भारत ने सबसे ज्यादा 1081 मैच खेले हैं। वह 575 जीत के साथ जीत की संख्या में ऑस्ट्रेलिया के बाद दूसरे स्थान पर है।
पाकिस्तान ने 1002 मैचों में 529 जीत दर्ज की हैं।
श्रीलंका का रिकॉर्ड जीत से ज्यादा हार वाला है। उसने 436 जीते और 461 हारे हैं।
वेस्टइंडीज का रिकॉर्ड लगभग बराबरी का है, जिसमें 431 जीत और 429 हार हैं।
वनडे में सबसे ज्यादा मैच खेलने और जीतने वाली टीमें
टीम
मैच
जीत
हार
टाई
नो रिजल्ट
सर्वोच्च स्कोर
न्यूनतम स्कोर
ऑस्ट्रेलिया
1025
619
362
9
35
434
70
भारत
1081
575
452
10
44
418
54
पाकिस्तान
1002
529
443
9
21
399
43
श्रीलंका
945
436
461
6
42
443
43
वेस्टइंडीज
904
431
429
12
32
389
54
पाकिस्तान टीम
- फोटो : IANS
विदेश में टीमों का रिकॉर्ड
भारत ने बाहर के मैदानों पर 695 वनडे खेले हैं, जिसमें उसे 340 जीत और 313 हार मिली हैं।
ऑस्ट्रेलिया इस मामले में सबसे आगे है। उसने 561 मैचों में 321 जीत दर्ज की हैं।
भारत का औसत 32.15 रन प्रति विकेट है, जो पाकिस्तान (29.62), वेस्टइंडीज (29.36) और श्रीलंका (28.33) से बेहतर है।
भारत का रन रेट 4.95 है, जबकि ऑस्ट्रेलिया का 5.2 और पाकिस्तान का 4.8 है।
इस आंकड़े में भारत का सर्वोच्च टीम स्कोर 413 रन, जबकि न्यूनतम स्कोर 54 रन है।
श्रीलंका का रिकॉर्ड सबसे कमजोर है। 631 मैचों में उसे 251 जीत के मुकाबले 358 हार मिली हैं।
विदेशी जमीन पर वनडे में पांच सबसे सफल टीमें
टीम
मैच
जीत
हार
टाई
नो रिजल्ट
सर्वोच्च स्कोर
न्यूनतम स्कोर
पाकिस्तान
789
395
370
7
17
399
43
भारत
695
340
313
7
35
413
54
ऑस्ट्रेलिया
561
321
212
6
22
434
70
वेस्टइंडीज
607
278
301
8
20
385
54
श्रीलंका
631
251
358
5
17
443
43
ऑस्ट्रेलिया बनाम भारत
- फोटो : ANI
टीमों का घर पर वनडे रिकॉर्ड
भारत ने घर पर 386 वनडे खेले हैं और इनमें 235 मैच जीते, जबकि 139 में हार मिली।
भारत का घर में जीत/हार अनुपात 1.69 है। इस सूची में दक्षिण अफ्रीका का जीत/हार अनुपात सबसे बेहतर 2.414 है।
भारत का घरेलू सर्वोच्च टीम स्कोर 418 रन है, जबकि न्यूनतम स्कोर 78 रन रहा है।
ऑस्ट्रेलिया ने घर पर सबसे ज्यादा मैच खेले (464) और सबसे ज्यादा जीत (298) दर्ज की हैं।
इंग्लैंड का घरेलू सर्वोच्च स्कोर 481 रन है, जो इस तालिका में सबसे ज्यादा है।
घर पर वनडे में पांच सबसे सफल टीमें
टीम
मैच
जीत
हार
टाई
नो रिजल्ट
सर्वोच्च स्कोर
न्यूनतम स्कोर
ऑस्ट्रेलिया
464
298
150
3
13
431
70
भारत
386
235
139
3
9
418
78
न्यूजीलैंड
343
204
118
4
17
393
73
इंग्लैंड
351
200
128
5
18
481
86
दक्षिण अफ्रीका
292
198
82
3
9
439
116
2023 विश्व कप फाइनल
- फोटो : ANI
वनडे विश्व कप में सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाली टीमें
ऑस्ट्रेलिया वनडे विश्व कप इतिहास की सबसे सफल टीम है। उसने रिकॉर्ड छह बार विश्व कप का खिताब जीता है। ऑस्ट्रेलिया ने अपना पहला विश्व कप 1987 में और सबसे हालिया खिताब 2023 में जीता था। 1975 में टूर्नामेंट की शुरुआत के बाद अब तक 13 संस्करण खेले जा चुके हैं। इनमें कुल छह टीमों ने विश्व कप ट्रॉफी जीती है।
सबसे ज्यादा बार विश्वकप जीतने वाली टीमें
टीम
विश्व कप खिताब
खिताब जीतने के वर्ष
उपविजेता
कुल फाइनल
ऑस्ट्रेलिया
6
1987, 1999, 2003, 2007, 2015, 2023
2
8
भारत
2
1983, 2011
2
4
वेस्टइंडीज
2
1975, 1979
1
3
इंग्लैंड
1
2019
3
4
पाकिस्तान
1
1992
1
2
श्रीलंका
1
1996
2
3
न्यूजीलैंड
0
--
2
2
रोहित शर्मा
- फोटो : PTI
वनडे में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारियां
वनडे क्रिकेट में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम है। उन्होंने 13 नवंबर 2014 को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में श्रीलंका के खिलाफ 264 रन की ऐतिहासिक पारी खेली थी। उनकी यह पारी करीब 12 साल से वनडे की सर्वोच्च व्यक्तिगत पारी बनी हुई है।
2011 में वीरेंद्र सहवाग ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 219 रन बनाकर तब वनडे में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी का रिकॉर्ड अपने नाम किया था, लेकिन 2014 में रोहित शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ 264 रन बनाकर सहवाग का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
सबसे लंबे समय तक वनडे में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज विव रिचर्ड्स के नाम रहा। उन्होंने 1984 में इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 189 रन बनाए थे। रिचर्ड्स का यह रिकॉर्ड 4738 दिनों तक कायम रहा। इसके बाद 1997 में सईद अनवर ने भारत के खिलाफ चेन्नई में 194 रन बनाकर रिचर्ड्स का रिकॉर्ड तोड़ा। 2009 में जिम्बाब्वे के चार्ल्स कोवेंट्री ने अनवर के 194 रन की बराबरी की।
फिर 2010 में सचिन तेंदुलकर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 200 रन बनाकर पुरुष वनडे में पहली बार दोहरा शतक लगाया। इसके बाद 2011 में सहवाग के 219 और 2014 में रोहित के 264 रन ने इस रिकॉर्ड को आगे बढ़ाया। हालांकि, 2015 में मार्टिन गप्टिल ने 237 रन बनाकर सहवाग को पीछे छोड़ दिया था।
वनडे में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारियां
बल्लेबाज
रन
गेंद
चौके
छक्के
खिलाफ
साल
रोहित शर्मा
264
173
33
9
श्रीलंका
2014
मार्टिन गप्टिल
237*
163
24
11
वेस्टइंडीज
2015
वीरेंद्र सहवाग
219
149
25
7
वेस्टइंडीज
2011
क्रिस गेल
215
147
10
16
जिम्बाब्वे
2015
फखर जमां
210*
156
24
5
जिम्बाब्वे
2018
चमिंडा वास
- फोटो : ANI
वनडे में एक पारी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का रिकॉर्ड
वनडे क्रिकेट में एक पारी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का रिकॉर्ड करीब 25 साल से श्रीलंका के चामिंडा वास के नाम है। दिसंबर 2001 में कोलंबो के मैदान पर जिम्बाब्वे के खिलाफ वास ने सिर्फ आठ ओवर में 19 रन देकर 8 विकेट झटके थे। वास का यह प्रदर्शन वनडे क्रिकेट में इकलौता 8 विकेट वाला गेंदबाजी प्रदर्शन है। उनका यह रिकॉर्ड अब 9000 दिनों से ज्यादा समय से कायम है।
वास के आंकड़े के बाद इस सूची में चार गेंदबाजों ने एक पारी में सात-सात विकेट लिए हैं। शाहिद अफरीदी ने वेस्टइंडीज के खिलाफ सिर्फ 12 रन देकर सात विकेट लिए थे, जबकि ग्लेन मैक्ग्रा ने नामीबिया के खिलाफ 15 रन देकर सात विकेट चटकाए।
अफगानिस्तान के राशिद खान ने 2017 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 18 रन देकर सात विकेट लिए। वहीं श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा ने 2024 में जिम्बाब्वे के खिलाफ सिर्फ 19 रन देकर सात विकेट हासिल किए।
वनडे में एक पारी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़े
रैंक
गेंदबाज
रन दिए/विकेट
टीम
खिलाफ
साल
1
चामिंडा वास
19/8
श्रीलंका
जिम्बाब्वे
2001
2
शाहिद अफरीदी
12/7
पाकिस्तान
वेस्टइंडीज
2013
3
ग्लेन मैक्ग्रा
15/7
ऑस्ट्रेलिया
नामीबिया
2003
4
राशिद खान
18/7
अफगानिस्तान
वेस्टइंडीज
2017
5
वानिंदु हसरंगा
19/7
श्रीलंका
जिम्बाब्वे
2024
मुथैया मुरलीधरन
- फोटो : SLC
वनडे में सबसे ज्यादा विकेट
वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड श्रीलंका के महान स्पिनर मुथैया मुरलीधरन के नाम है। उन्होंने अपने करियर में 534 विकेट लिए। मुरलीधरन ने फरवरी 2009 में पाकिस्तान के वसीम अकरम के 502 विकेट के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा था और तब से वह इस सूची में शीर्ष पर बने हुए हैं और करीब 17 साल से रिकॉर्ड उनके नाम है।
अकरम ने 1994 में कपिल देव के 251 विकेट के रिकॉर्ड को पीछे छोड़कर लगभग 15 साल तक वनडे में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज का दर्जा अपने पास रखा था, जिसे बाद में मुरलीधरन ने छीना। मुरलीधरन का गेंदबाजी औसत 23.08 और इकोनॉमी रेट 3.93 रहा। उनके नाम एक पारी में सात विकेट लेने के अलावा 10 बार पांच विकेट लेने का रिकॉर्ड भी है।
सक्रिय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों में मिचेल स्टार्क मुरलीधरन के रिकॉर्ड के सबसे करीब हैं। उनके नाम 247 वनडे विकेट हैं। हालांकि मुरलीधरन और स्टार्क के बीच 287 विकेट का अंतर है।
वनडे में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
रैंक
गेंदबाज
मैच
विकेट
सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी
5 विकेट
1
मुथैया मुरलीधरन
350
534
7/30
10
2
वसीम अकरम
356
502
5/15
6
3
वकार यूनिस
262
416
7/36
13
4
चामिंडा वास
322
400
8/19
4
5
शाहिद अफरीदी
398
395
7/12
9
सचिन तेंदुलकर
- फोटो : BCCI
वनडे में सबसे ज्यादा रन
वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है। उन्होंने 463 मैचों के 452 पारियों में 18,426 रन बनाए।
तेंदुलकर अक्तूबर 2000 में मोहम्मद अजहरुद्दीन के 9,378 रन के आंकड़े को पीछे छोड़कर वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने थे। इसके बाद से वह 25 साल से ज्यादा समय से इस सूची में शीर्ष पर हैं।
विराट कोहली ने 14,941 रन बनाए हैं। यानी कोहली अभी तेंदुलकर से 3,485 रन पीछे हैं और दूसरे नंबर पर हैं। कोहली का बल्लेबाजी औसत और स्ट्राइक रेट तेंदुलकर से बेहतर है। कोहली का औसत 58.59 और स्ट्राइक रेट 93.95 है, जबकि तेंदुलकर का औसत 44.83 और स्ट्राइक रेट 86.23 रहा।
वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
रैंक
बल्लेबाज
मैच
रन
सर्वोच्च
औसत
100
50
1
सचिन तेंदुलकर
463
18,426
200*
44.83
49
96
2
विराट कोहली
314
14,941
183
58.59
54
79
3
कुमार संगकारा
404
14,234
169
41.98
25
93
4
रिकी पोंटिंग
375
13,704
164
42.03
30
82
5
सनथ जयसूर्या
445
13,430
189
32.36
28
68
विराट कोहली
वनडे में सबसे ज्यादा शतक
वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड अब विराट कोहली के नाम है। कोहली ने 2023 वनडे विश्व कप के दौरान सचिन तेंदुलकर के 49 शतकों के रिकॉर्ड की बराबरी की और इसके 10 दिन बाद ही उसे तोड़ दिया।
कोहली के नाम अब 54 शतक हैं। सचिन ने करीब 25 साल यानी 9171 दिनों तक सबसे ज्यादा वनडे शतकों का रिकॉर्ड कायम रखा। भारत के रोहित शर्मा 34 शतकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। उनके बाद ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग के 30 और श्रीलंका के सनथ जयसूर्या के 28 शतक हैं।
वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज
रैंक
बल्लेबाज
मैच
शतक
1
विराट कोहली
314
54
2
सचिन तेंदुलकर
463
49
3
रोहित शर्मा
288
34
4
रिकी पोंटिंग
375
30
5
सनथ जयसूर्या
445
28
एबी डिविलियर्स
- फोटो : Twitter
वनडे में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड
वनडे क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड एबी डिविलियर्स के नाम है। दक्षिण अफ्रीका के इस दिग्गज बल्लेबाज ने 18 जनवरी 2015 को वेस्टइंडीज के खिलाफ जोहानिसबर्ग में महज 31 गेंदों में शतक जड़ दिया था। उन्होंने अपनी पारी में 16 छक्के और नौ चौके लगाए और कुल 149 रन बनाए।
यह रिकॉर्ड बनने से पहले शाहिद अफरीदी करीब 17 साल यानी 6298 दिनों तक सबसे तेज वनडे शतक के रिकॉर्ड पर काबिज रहे थे। अफरीदी ने 1996 में नैरोबी में श्रीलंका के खिलाफ महज 37 गेंदों में शतक जड़ दिया। अफरीदी ने अपनी 102 रन की पारी में 11 छक्के और छह चौके लगाए थे।
2014 में न्यूजीलैंड के कोरी एंडरसन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 36 गेंदों में शतक लगाकर अफरीदी का रिकॉर्ड सिर्फ एक गेंद से तोड़ा। हालांकि एंडरसन का रिकॉर्ड भी ज्यादा समय तक नहीं टिक सका। 2015 में एबी डिविलियर्स ने वेस्टइंडीज के खिलाफ महज 31 गेंदों में शतक लगाकर इतिहास रच दिया। इसके बाद से सबसे तेज वनडे शतक का रिकॉर्ड उनके नाम है।
वनडे क्रिकेट के शुरुआती 25 वर्षों में 50 से कम गेंदों में शतक देखने को नहीं मिला था। अप्रैल 1996 में श्रीलंका के सनथ जयसूर्या ने पाकिस्तान के खिलाफ 48 गेंदों में शतक लगाकर पहली बार यह कारनामा किया।
वनडे में सबसे तेज शतक
रैंक
बल्लेबाज
रन
गेंद
चौके
छक्के
खिलाफ
साल
1
एबी डिविलियर्स
149
31
9
16
वेस्टइंडीज
2015
2
कोरी एंडरसन
131*
36
6
14
वेस्टइंडीज
2014
3
शाहिद अफरीदी
102
37
6
11
श्रीलंका
1996
4
ग्लेन मैक्सवेल
106
40
9
8
नीदरलैंड्स
2023
5
आसिफ खान
101*
41
4
11
नेपाल
2023
डिविलियर्स और कोहली
- फोटो : ANI
वनडे में सबसे तेज अर्धशतक
वनडे क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड एबी डिविलियर्स के नाम है। दक्षिण अफ्रीका के इस विस्फोटक बल्लेबाज ने 18 जनवरी 2015 को वेस्टइंडीज के खिलाफ जोहानिसबर्ग में महज 16 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया था। इसी पारी में उन्होंने सिर्फ 31 गेंदों में शतक भी जड़ दिया था।
डिविलियर्स का 16 गेंदों में अर्धशतक का रिकॉर्ड अब 11 साल से कायम है। उनसे पहले यह रिकॉर्ड श्रीलंका के सनथ जयसूर्या के नाम था। साल 1996 में जयसूर्या बेहद आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 17 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया था।
जयसूर्या का यह रिकॉर्ड करीब 19 साल यानी 6860 दिनों तक कायम रहा। 2015 में डिविलियर्स ने 16 गेंदों में फिफ्टी लगाकर इसे एक गेंद से बेहतर कर दिया। डिविलियर्स के 16 गेंदों के रिकॉर्ड की बाद में बराबरी हुई। वेस्टइंडीज के मैथ्यू फोर्ड ने 23 मई 2025 को आयरलैंड के खिलाफ डबलिन में 16 गेंदों में अर्धशतक लगाया।
वनडे क्रिकेट में कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा मैच जीतने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज रिकी पोंटिंग के नाम है। पोंटिंग ने कप्तान के रूप में 230 मैचों में 165 जीत दर्ज कीं।
भारत के लिए यह रिकॉर्ड एमएस धोनी के नाम है। वह ओवरऑल दूसरे नंबर पर हैं। धोनी ने कप्तान के तौर पर 200 वनडे में 110 मैच जीते, जबकि उन्हें 74 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा।