फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डीपीएल में फिक्सिंग की कोशिश?: सीएसके में रहे इस खिलाड़ी ने एसीयू को दी जानकारी; डीडीसीए ने बीसीसीआई को बताया

Wed, 23 Sep 2026 07:24 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दिल्ली

सार

डीपीएल 2026 के दौरान सेंट्रल दिल्ली के विकेटकीपर-बल्लेबाज वंश बेदी को कथित तौर पर मैच फिक्सिंग से जुड़ी पेशकश मिली, जिसकी उन्होंने तुरंत एसीयू को जानकारी दी। डीडीसीए ने मामले से बीसीसीआई को अवगत कराया है। हालांकि, सामने आए अन्य आरोपों की किसी सक्षम प्राधिकरण ने पुष्टि नहीं की है।
विज्ञापन
विराट और धोनी के साथ वंश बेदी - फोटो : vanshbedi_(instagram)
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 के दौरान सेंट्रल दिल्ली के विकेटकीपर-बल्लेबाज वंश बेदी को कथित तौर पर मैच फिक्सिंग से जुड़ी पेशकश मिली थी। 23 वर्षीय बेदी ने तुरंत इस मामले की जानकारी लीग की भ्रष्टाचार रोधी इकाई (एसीयू) को दी। दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने पीटीआई को इसकी पुष्टि की है।
विज्ञापन

बेदी ने एसीयू को तुरंत दी जानकारी
डीडीसीए के वरिष्ठ पदाधिकारी ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर कहा, 'मैच फिक्सिंग को लेकर एक भ्रष्ट पेशकश की गई थी। सेंट्रल दिल्ली के वंश बेदी से एक फिक्सर ने संपर्क किया और उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी एसीयू को दी।' पदाधिकारी के मुताबिक, डीडीसीए ने इस मामले की जानकारी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को भी दी है और उससे सलाह मांगी है। उन्होंने कहा कि एसीयू के पास बेदी की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है और फिलहाल इस तरह की कोई अन्य आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है।

एक स्टिंग ऑपरेशन के बाद मामला सामने आया
यह घटनाक्रम एक स्टिंग ऑपरेशन के सामने आने के कुछ समय बाद सामने आया है। इसमें कथित तौर पर नगालैंड के तेज गेंदबाज रचित भाटिया को आईपीएल और राज्य स्तरीय लीग में मैच फिक्सिंग और स्पॉट फिक्सिंग को लेकर दावे करते हुए दिखाया गया था। हालांकि, इन दावों की किसी सक्षम प्राधिकरण द्वारा पुष्टि नहीं हुई है। भाटिया के स्टिंग में कथित तौर पर एक सीएसके खिलाड़ी से जुड़े मैच फिक्सिंग के मामले का भी जिक्र था। इसके बाद बेदी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर स्पष्ट किया कि वह उस खिलाड़ी से संबंधित व्यक्ति नहीं हैं जिसका जिक्र स्टिंग में किया गया था। बेदी ने लिखा, 'मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि मैं तेहलका स्टिंग ऑपरेशन में रचित भाटिया द्वारा कथित मैच फिक्सिंग के संबंध में बताए गए व्यक्ति नहीं हूं और न ही ऐसी किसी गतिविधि में मेरी कोई संलिप्तता है।'

2025 में सीएसके से जुड़े थे बेदी
वंश बेदी ने दिल्ली के लिए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में एक टी20 मुकाबला खेला है। वह 2025 में आईपीएल टीम चेन्नई सुपर किंग्स से भी जुड़े थे। चोट के कारण उन्हें बाद में उर्विल पटेल से रिप्लेस किया गया था। डीपीएल 2026 में वह सेंट्रल दिल्ली टीम का हिस्सा थे।

डीडीसीए ने कहा- आरोपों की पुष्टि नहीं हुई
डीडीसीए ने अपने आधिकारिक 'एक्स' पोस्ट में किसी खिलाड़ी या फ्रेंचाइजी का नाम नहीं लिया। संघ ने कहा कि उसने डीपीएल से जुड़ी कुछ खिलाड़ियों और एक फ्रेंचाइजी के संबंध में सामने आई कथित अनियमितताओं की रिपोर्टों का संज्ञान लिया है। डीडीसीए ने कहा, 'इन रिपोर्टों में किए गए आरोप अप्रमाणित हैं और किसी सक्षम प्राधिकरण द्वारा स्थापित नहीं किए गए हैं। केवल ऐसे आरोपों के आधार पर किसी व्यक्ति, खिलाड़ी या फ्रेंचाइजी के बारे में निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा।' संघ ने बताया कि उसने मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को भेज दी है और उचित प्रक्रिया के तहत जांच का अनुरोध किया है।
विज्ञापन

दोषी मिलने पर सख्त कार्रवाई की मांग
डीडीसीए एपेक्स काउंसिल के सदस्य और वरिष्ठ वकील श्याम शर्मा ने कहा कि किसी भी दोषी को सजा से बचना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा, 'हम नहीं चाहेंगे कि किसी को भी सजा न मिले। युवा खिलाड़ियों को भ्रष्ट करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ दोषी पाए जाने पर सबसे कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।'

डीडीसीए ने कहा कि वह क्रिकेट की ईमानदारी से समझौता करने वाली किसी भी गतिविधि के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति रखता है और सक्षम अधिकारियों की किसी भी जांच में पूरा सहयोग करेगा। संघ ने यह भी दोहराया कि आरोपों और स्थापित तथ्यों के बीच अंतर करना जरूरी है तथा मामले में उचित प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार किया जाना चाहिए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें