फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Yuvraj-Abhishek: युवराज सिंह ने अभिषेक शर्मा को लेकर ऐसा क्या कहा, जिसकी हो रही चर्चा? आलोचकों पर साधा निशाना

Fri, 27 Feb 2026 03:48 PM IST
Swapnil Shashank स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

लगातार खराब फॉर्म और ‘स्लॉगर’ जैसी आलोचनाओं के बीच अभिषेक शर्मा ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 30 गेंदों में 55 रन ठोककर दमदार वापसी की। उनके मेंटर युवराज सिंह ने सोशल मीडिया पर उनकी सराहना की, वहीं सुनील गावस्कर ने तकनीकी बदलाव को उनकी सफलता की कुंजी बताया।
विज्ञापन
युवराज और अभिषेक - फोटो : Instagram
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

टी20 विश्व कप 2026 में अभिषेक शर्मा का सफर आसान नहीं रहा। ग्रुप स्टेज में लगातार तीन शून्य और सुपर-8 के पहले मैच में मामूली योगदान के बाद उन पर सवाल उठने लगे। पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने तो उन्हें स्लॉगर यानी लप्पेबाज तक कह दिया। आलोचना का दौर तेज था और प्लेइंग इलेवन से बाहर किए जाने की चर्चाएं भी चल रही थीं। लेकिन टीम मैनेजमेंट ने युवा सलामी बल्लेबाज पर भरोसा बनाए रखा और जिम्बाब्वे के खिलाफ यह भरोसा सही साबित हुआ। अब अभिषेक के मेंटर और पूर्व दिग्गज क्रिकेटर युवराज सिंह ने भी उनकी तारीफ की है और कहा कि आलोचनाओं के दौर में मुंह से नहीं, बल्कि बल्ले से ही जवाब देना है।
विज्ञापन

बल्ले से दिया करारा जवाब
जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले में अभिषेक ने 30 गेंदों पर 55 रन की पारी खेली। शुरुआत में उन्होंने संयम दिखाया, गेंदबाज को परखा और फिर अपने स्वाभाविक आक्रामक अंदाज में लौट आए। चार छक्कों और चार चौकों से सजी इस पारी ने भारत को 256 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाने की नींव रखी। उनकी बॉडी लैंग्वेज में आत्मविश्वास साफ दिख रहा था। पहली ही गेंद पर सिंगल लेकर उन्होंने संकेत दे दिया कि इस बार जल्दबाजी नहीं होगी। पावरप्ले के बाद उन्होंने रफ्तार पकड़ी और 26 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया।

युवराज का खास संदेश
अभिषेक के मेंटर युवराज सिंह ने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'सबसे अच्छी बातचीत तब होती है जब आप बल्ले को ही सारी बातें करने देते हैं। अच्छी पारी, सर अभिषेक, कोशिश करते रहो।' यह संदेश साफ था आलोचनाओं का जवाब शब्दों से नहीं, प्रदर्शन से देना चाहिए।

तकनीक में दिखा बदलाव: गावस्कर
पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने मैच के बाद कहा, 'अभिषेक ने अपनी तकनीक में बदलाव दिखाया और गेंदबाज के गेंद छोड़ने तक इंतजार किया। उनकी बैट की गति नियंत्रित और संतुलित थी, जिससे शॉट्स में मजबूती आई।' उन्होंने यह भी जोड़ा, 'हम जानते हैं कि वह कितने प्रतिभाशाली हैं। इस पारी से उन्होंने अपने आलोचकों को शांत कर दिया।'
विज्ञापन

टीम को मिली बड़ी राहत
अभिषेक की पारी ने भारत को मजबूत शुरुआत दी। बाद में हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा ने तेज पारियां खेलकर स्कोर 256 तक पहुंचाया। जवाब में जिम्बाब्वे 184 रन ही बना सका और भारत ने 72 रन से जीत दर्ज की। यह जीत सिर्फ अंक तालिका के लिहाज से नहीं, बल्कि आत्मविश्वास के लिहाज से भी अहम है। अब कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाला मुकाबला निर्णायक होगा। ऐसे में अभिषेक का फॉर्म में लौटना भारत के लिए शुभ संकेत है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें