दिल्ली पुलिस ने किया मजेदार ट्वीट
इस दिलचस्प बातचीत की शुरुआत दिल्ली पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से हुई। दिल्ली पुलिस ने मजाकिया अंदाज में अहमदाबाद पुलिस को टैग करते हुए लिखा, 'प्रिय अहमदाबाद पुलिस, आपको कीवी फैंस की तरफ से गेंद गायब होने की शिकायतें मिल सकती हैं। इसे गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है, हमारे बल्लेबाज ही गेंद को स्टैंड में भेज रहे हैं।' यह ट्वीट तेजी से वायरल हो गया और क्रिकेट फैंस को खूब पसंद आया।
अहमदाबाद पुलिस ने भी दिया जवाब
दिल्ली पुलिस के ट्वीट का जवाब देते हुए अहमदाबाद पुलिस ने भी उसी अंदाज में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, 'इस जानकारी के लिए धन्यवाद। इस मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है।' यह जवाब भी सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया गया और लोगों ने इस मजेदार बातचीत का आनंद लिया।
यूपी पुलिस भी कूदी मैदान में
कुछ ही देर बाद उत्तर प्रदेश पुलिस भी इस मजेदार ट्विटर बातचीत में शामिल हो गई। यूपी पुलिस ने चुटकी लेते हुए लिखा, 'मामला अब सिर्फ गेंद गायब होने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरी बल्लेबाजी लाइन-अप (न्यूजीलैंड की) ही गायब हो गई है।' यह इशारा भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की शानदार गेंदबाजी की ओर था।
बुमराह की घातक गेंदबाजी
फाइनल मुकाबले में जसप्रीत बुमराह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को संभलने का मौका ही नहीं दिया। उन्होंने चार विकेट लेकर कीवी टीम की कमर तोड़ दी। न्यूजीलैंड की टीम 255 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई। बुमराह के अलावा अक्षर पटेल ने भी तीन विकेट लेकर भारतीय टीम की जीत को आसान बना दिया।
भारत ने रचा इतिहास
इस जीत के साथ भारत ने इतिहास रच दिया। टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप को सफलतापूर्वक डिफेंड करने वाली पहली टीम बन गई। साथ ही यह पहली बार भी था जब किसी मेजबान देश ने अपने ही घर में यह खिताब जीता। कप्तान सूर्यकुमार यादव भी उन भारतीय कप्तानों की सूची में शामिल हो गए जिन्होंने देश को वर्ल्ड कप जिताया। इस सूची में कपिल देव, एमएस धेनी, रोहित शर्मा और हरमनप्रीत कौर जैसे नाम पहले से शामिल हैं।