फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PAK vs AUS: 1000वें वनडे में पाकिस्तान की जीत, ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हराया; मिन्हास का कमाल

Sun, 31 May 2026 10:55 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

अराफात मिन्हास ने अपने वनडे डेब्यू में पांच विकेट लेकर इतिहास रच दिया, जबकि बाबर आजम और गाजी घोरी की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हराकर तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। यह पाकिस्तान का 1000वां वनडे मैच भी था।
विज्ञापन
पाकिस्तान बनाम ऑस्ट्रेलिया - फोटो : PCB
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पाकिस्तान ने शनिवार को खेले गए पहले वनडे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। इस मैच में 21 वर्षीय स्पिनर अराफात मिन्हास ने अपने वनडे डेब्यू को यादगार बनाते हुए पांच विकेट झटके और पाकिस्तान की जीत के नायक बने। यह मुकाबला पाकिस्तान के वनडे इतिहास का 1000वां मैच भी था। इसके साथ ही पाकिस्तान भारत (1075) और ऑस्ट्रेलिया (1020) के बाद 1000 वनडे खेलने वाला दुनिया का तीसरा देश बन गया।
विज्ञापन

डेब्यू मैच में मिन्हास का ऐतिहासिक प्रदर्शन
बाएं हाथ के स्पिनर अराफात मिन्हास ने 32 रन देकर पांच विकेट लिए और वनडे डेब्यू में पांच विकेट लेने वाले पाकिस्तान के पहले गेंदबाज बन गए। स्पिनरों के लिए मददगार पिच पर उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। मिन्हास को अबरार अहमद (2/44) और सलमान अली आगा (1/21) का भी अच्छा साथ मिला। उनकी शानदार गेंदबाजी के चलते ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 44.1 ओवर में 200 रन पर सिमट गई। मिन्हास ने मैच के बाद कहा, 'दबाव तो था, लेकिन मुझे ऐसे माहौल का आनंद लेना पसंद है। मेरा पूरा ध्यान इस मौके का भरपूर फायदा उठाने पर था।'

ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी रही निराशाजनक
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। मिन्हास ने कप्तान जोश इंग्लिस, मार्नस लाबुशेन और कैमरून ग्रीन को जल्दी आउट कर ऑस्ट्रेलिया को मुश्किल में डाल दिया। एक समय टीम 16वें ओवर में 68 रन पर चार विकेट गंवा चुकी थी। सलामी बल्लेबाज मैथ्यू शॉर्ट ने 55 रन बनाए, जबकि मैथ्यू रेनशॉ 61 रन के साथ टीम के शीर्ष स्कोरर रहे। हालांकि कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका और पूरी टीम 200 रन पर आउट हो गई।

बाबर और गाजी ने संभाली जिम्मेदारी
2015 के बाद पहली बार वनडे टीम में वापसी कर रहे बाबर आजम ने अपने अनुभव का पूरा इस्तेमाल किया। उन्होंने 94 गेंदों में 69 रन बनाए और अपना 38वां वनडे अर्धशतक पूरा किया। विकेटकीपर बल्लेबाज गाजी घोरी ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 65 रन बनाए। यह उनके वनडे करियर का पहला अर्धशतक था। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 127 रन जोड़कर पाकिस्तान को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। नाथन एलिस ने बाबर और घोरी दोनों को आउट किया, लेकिन तब तक पाकिस्तान जीत के बेहद करीब पहुंच चुका था।

छक्के के साथ खत्म किया मैच
लक्ष्य के करीब पहुंचने के बाद अराफात मिन्हास ने बल्ले से भी योगदान दिया। उन्होंने 17 गेंदों में नाबाद 18 रन बनाए और मार्नस लाबुशेन की गेंद पर सीधा छक्का लगाकर पाकिस्तान को जीत दिलाई। पाकिस्तान ने 42.3 ओवर में पांच विकेट खोकर 202 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
विज्ञापन

शाहीन अफरीदी ने स्पिनरों की तारीफ की
पाकिस्तान के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो पूरी तरह सही साबित हुआ। मैच के बाद उन्होंने कहा, 'हमें पता था कि पिच पर स्पिनरों को काफी मदद मिलेगी और हमारे स्पिनरों ने शानदार काम किया। मैं अराफात मिन्हास के लिए बहुत खुश हूं। गाजी घोरी स्पिन और तेज गेंदबाजी दोनों के खिलाफ अच्छे खिलाड़ी हैं, इसलिए पाकिस्तान क्रिकेट का भविष्य काफी उज्ज्वल नजर आता है।'

ऑस्ट्रेलिया इस मैच में अपने प्रमुख तेज गेंदबाज पैट कमिंस, जोश हेजलवुड और मिशेल स्टार्क के बिना उतरा था। वहीं मैच से पहले एडम जाम्पा भी गर्दन में ऐंठन के कारण बाहर हो गए थे। इसके बावजूद पाकिस्तान ने मिले मौके का पूरा फायदा उठाते हुए सीरीज में बढ़त हासिल कर ली। अब सीरीज के बाकी दो मुकाबले लाहौर में मंगलवार और गुरुवार को खेले जाएंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें