दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 2-1 से मिली हार के बाद ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम आलोचनाओं के घेरे में है। टीम के निराशाजनक प्रदर्शन से नाराज पूर्व दिग्गज बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने खिलाड़ियों पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने केपटाउन टेस्ट में मिली हार को शर्मनाक बताते हुए कहा कि टीम में संघर्ष करने का जज्बा नजर नहीं आया। वॉर्नर ने इस प्रदर्शन को ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के मूल्यों के भी खिलाफ बताया।
11 पर सिमटी ऑस्ट्रेलियाई पारी
केपटाउन के न्यूलैंड्स मैदान पर खेले गए सीरीज के तीसरे और आखिरी टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 288 रनों का लक्ष्य मिला था। हालांकि, पांचवें दिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले ही ओवर में दो विकेट गंवाने के बाद टीम दबाव से उबर नहीं सकी। महज 18 ओवर में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 42 रन पर छह विकेट हो गया। इसके बाद पूरी टीम 111 रनों पर सिमट गई। इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका ने तीन मैचों की टेस्ट सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली।
'ऑस्ट्रेलियाई मूल्यों के खिलाफ है यह प्रदर्शन'
वॉर्नर ने 'फॉक्स स्पोर्ट्स' से बातचीत में टीम के प्रदर्शन पर निराशा जताते हुए कहा, 'मैं बहुत निराश हूं। यह बहुत बुरा है। यह ऑस्ट्रेलियाई मूल्यों के खिलाफ है। टीम में लड़ने का कोई जज्बा ही नहीं दिखा। यह शर्मनाक है। 288 रन का लक्ष्य था। आप टेस्ट मैच जीत सकते थे और सीरीज भी अपने नाम कर सकते थे। सब कुछ दांव पर लगा था। क्या वह इसी तरह खेलते हैं?' उन्होंने आगे कहा कि पूरी सीरीज में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने गेंदबाजों को निराश किया। पहले टेस्ट में मैट रेनशॉ को छोड़कर बाकी बल्लेबाज उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके। वॉर्नर ने कहा कि बल्लेबाजों को कगिसो रबाडा जैसे तेज गेंदबाज की चुनौती का अंदाजा होना चाहिए था, लेकिन वे उसका सामना करने में नाकाम रहे।
तीनों टेस्ट में देखने को मिली शानदार वापसी
- इस टेस्ट सीरीज की खास बात यह रही कि तीनों मुकाबलों में मुश्किल परिस्थितियों में पिछड़ने वाली टीम ने शानदार वापसी की। डरबन में खेले गए पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने एक समय 124 रन पर छह विकेट गंवा दिए थे। हालांकि, इसके बाद टीम ने वापसी करते हुए पहली पारी में 390 रन बनाए। इस प्रदर्शन की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने मुकाबला 214 रनों से जीत लिया।
- दूसरे टेस्ट में गेबेरहा में दक्षिण अफ्रीका की टीम पहली पारी में 110 रन पर छह विकेट गंवाकर मुश्किल में थी। इसके बावजूद मेजबान टीम ने 425 रन पर नौ विकेट के स्कोर पर पारी घोषित कर दी और ऑस्ट्रेलिया को एक पारी और 31 रनों से शिकस्त दी।
- वहीं, केपटाउन टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 203 रन पर एक विकेट गंवाने के बाद लगातार विकेट खोए और पूरी टीम 329 रनों पर आउट हो गई। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 429 रन बनाकर 100 रनों की बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में भी दक्षिण अफ्रीका की टीम 131 रन पर चार विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी, लेकिन गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए मैच का रुख पलट दिया।
टेस्ट रैंकिंग में भी ऑस्ट्रेलिया को नुकसान
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज गंवाने का असर ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट रैंकिंग पर भी पड़ा है। इस जीत के बाद दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को पीछे छोड़ते हुए आईसीसी पुरुष टेस्ट टीम रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) की अंक तालिका में भी तीसरे स्थान पर खिसक गई। इस हार के साथ ऑस्ट्रेलिया का 1300 से अधिक दिनों से चला आ रहा टेस्ट सीरीज में अपराजित रहने का सिलसिला भी टूट गया। अब टीम के सामने बल्लेबाजी की कमजोरियों को दूर करने और आगामी मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करने की चुनौती होगी।