ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने 2018 के सैंडपेपरगेट विवाद पर उस्मान ख्वाजा के नए खुलासों का खुलकर समर्थन किया है। ख्वाजा ने अपनी आने वाली आत्मकथा 'सब्र' में दावा किया है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट में गेंद से छेड़छाड़ की घटना के बारे में ऑस्ट्रेलियाई टीम के सभी खिलाड़ियों को जानकारी थी और पूरी टीम इसमें शामिल थी। उन्होंने यह भी सवाल उठाया था कि इस मामले में सिर्फ वॉर्नर, स्टीव स्मिथ और कैमरन बैनक्रॉफ्ट को ही सजा क्यों मिली, जबकि टीम के बाकी सदस्य भी इस गलत काम के लिए जिम्मेदार थे।
ख्वाजा के इन खुलासों के बाद क्रिकेट जगत में एक बार फिर सैंडपेपरगेट पर बहस शुरू हो गई है। अब वॉर्नर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर ख्वाजा का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि ख्वाजा ने जो कुछ भी बताया है, वह पूरी तरह सही है। वॉर्नर ने 2018 में हुई जांच की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए और उसे जल्दबाजी में की गई अधूरी जांच बताया।
डेविड वॉर्नर के वीडियो के साथ कैप्शन
वीडियो के कैप्शन में वॉर्नर ने लिखा, 'कुछ चीजें क्रिकेट से भी बड़ी होती हैं। यह पुरानी चोटों को फिर से कुरेदने के बारे में नहीं है। यह स्वीकार करने के बारे में है कि कुछ घाव कभी ठीक ही नहीं हुए। मैं अपने भाई उस्मान ख्वाजा के साथ खड़ा हूं। अपनी सच्चाई बोलने के लिए हिम्मत चाहिए होती है, खासकर तब जब लोग चाहते हों कि आप चुप रहें। समय बीत जाने का मतलब यह नहीं है कि जवाबदेही खत्म हो गई। सवाल पूछने को पुरानी दुश्मनी पालना नहीं समझना चाहिए। सम्मान, ईमानदारी और जवाबदेही। किसी को भी बस यही चाहिए।'
उस्मान ख्वाजा और डेविड वॉर्नर
- फोटो : PTI
'तुमने जो कहा, वह 100 फीसदी सही है'
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच में गेंद से छेड़छाड़ के मामले में दोषी पाए जाने के बाद वॉर्नर, स्टीव स्मिथ और कैमरन बैनक्रॉफ्ट पर प्रतिबंध लगाया गया था। वॉर्नर को क्रिकेट के सभी प्रारूपों से एक साल के लिए प्रतिबंधित किया गया था। अब ख्वाजा की किताब में किए गए खुलासों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने अपने पूर्व साथी का साथ दिया।
वॉर्नर ने इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में कहा, ‘तुमने जो कुछ कहा है, वह 100 फीसदी सही है। अब हर किसी को सच्चाई पता है। यह बात सामने आ चुकी है। लोग इसके बारे में जानना चाहते थे और तुमने सामने आकर यह बात कह दी।’ वॉर्नर ने कहा कि ख्वाजा ने अपनी बात रखकर वह सच्चाई सामने रखी है, जिसे लोग जानना चाहते थे। उनके मुताबिक, इस मामले में अब ध्यान उस व्यक्ति पर सवाल उठाने के बजाय जवाबदेही तय करने पर होना चाहिए, जिसने सामने आकर सवाल पूछे हैं।
बैनक्रॉफ्ट
- फोटो : ANI
आठ साल बाद खुलासे पर सवाल उठाने वालों को दिया जवाब
ख्वाजा की किताब में किए गए खुलासों के बाद कुछ लोगों ने उनके सामने आने के समय पर सवाल उठाए थे। इस पर वॉर्नर ने भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि लोग इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि ख्वाजा ने आठ साल बाद यह सब क्यों बताया और क्या यह सिर्फ किताब बेचने के लिए किया गया है।
वॉर्नर ने कहा, 'अब लोग पूछ रहे हैं कि आठ साल बाद क्यों? वे किताब बेचने की बात कर रहे हैं। क्या यह ब्रिस्बेन की कोई खबर है? यह वही है, जिस पर उस्मान विश्वास करता है। क्या उसने उस दिन के बाद से अब तक की हर एक बात लिखी है?' वॉर्नर का कहना था कि ख्वाजा ने जो कुछ भी अपनी किताब में लिखा है, वह उनका नजरिया और उनका अनुभव है। ऐसे में उनके खुलासों के समय पर सवाल उठाने के बजाय उन बातों की जांच होनी चाहिए, जिनका उन्होंने जिक्र किया है।
डेविड वॉर्नर
- फोटो : ANI
2018 की जांच को बताया जल्दबाजी में की गई अधूरी प्रक्रिया
वॉर्नर ने केपटाउन टेस्ट में गेंद से छेड़छाड़ की घटना की जांच पर भी सवाल उठाए। ख्वाजा ने अपनी किताब में दावा किया था कि उस समय वह ड्रेसिंग रूम में मौजूद थे, लेकिन जांच के दौरान उनसे पूछताछ तक नहीं की गई। वॉर्नर ने भी इसी बात को उठाते हुए जांच प्रक्रिया को अधूरा बताया।
उन्होंने कहा, 'पूछताछ की पूरी प्रक्रिया जल्दबाजी में की गई और उसमें कई खामियां थीं। उजी कैमरन बैनक्रॉफ्ट के बगल में बैठे थे। उजी से पूछताछ ही नहीं की गई। यह कैसी पूरी और गहन जांच थी? यह बात मेरी समझ से परे है।' वॉर्नर ने आगे कहा कि अब इस मामले में जवाबदेही और पारदर्शिता पर ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा, 'हम यहां किसी पर अंगुली उठाने या पुराने घावों को फिर से खोलने के लिए नहीं हैं। यह जवाबदेही और पारदर्शिता के बारे में है। यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि सच्चाई की ठीक से जांच हो। शायद अब समय आ गया है कि लोग जवाबदेही मांगने वाले व्यक्ति पर सवाल उठाना बंद करें और जांच के लिए जिम्मेदार लोगों से जवाब मांगें।'
उस्मान ख्वाजा
- फोटो : @cricketcomau
ख्वाजा ने क्यों किया आठ साल बाद खुलासा?
ख्वाजा ने अपनी आत्मकथा 'सब्र' में सैंडपेपरगेट को लेकर कई बातें लिखी हैं। उनका मानना है कि गेंद से छेड़छाड़ की घटना के लिए सिर्फ तीन खिलाड़ियों को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं था। उन्होंने कहा था कि टीम के बाकी खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को भी इस मामले की जानकारी थी, लेकिन किसी ने इसका विरोध नहीं किया।
ख्वाजा ने बाद में इंस्टाग्राम पर कई वीडियो साझा कर अपने खुलासों पर उठ रहे सवालों का जवाब भी दिया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका इरादा अपने पूर्व साथियों को निशाना बनाने का नहीं था। उन्होंने बताया कि 2018 और फिर 2021 में भी इस मुद्दे को सामने लाने की कोशिश की थी, लेकिन जब तक वह ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा थे, तब तक इस मामले को आगे नहीं बढ़ाना चाहते थे।
ख्वाजा ने यह भी बताया कि उन्होंने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के दक्षिण अफ्रीका दौरे के खत्म होने का इंतजार किया और उसके बाद ही इस बारे में सार्वजनिक रूप से बात की। उन्होंने अपने बचपन के दोस्त वॉर्नर से वादा किया था कि वह उस घटना की सच्चाई बताएंगे, ताकि वॉर्नर को भी अपना पक्ष रखने का मौका मिल सके।
डेविड वॉर्नर
- फोटो : David Warner-Facebook
बेटियों को बतानी पड़ी 2018 की घटना, वॉर्नर ने साझा किया दर्द
वॉर्नर ने अपने वीडियो में यह भी बताया कि ख्वाजा के खुलासों के बाद उनके परिवार के लिए बीते कुछ दिन आसान नहीं रहे। उन्हें अपनी बेटियों को भी 2018 की घटना के बारे में बताना पड़ा। उन्होंने कहा कि इस वजह से वीडियो साझा करने में उन्हें कुछ दिन लगे।
वॉर्नर ने कहा, 'पिछले कुछ दिनों में मुझे अपनी बेटियों से बात करनी पड़ी। यही वजह है कि मुझे यह वीडियो साझा करने में कुछ दिन लग गए, क्योंकि मुझे उन्हें बताना पड़ा कि वास्तव में क्या हुआ था। खासकर मेरी 12 साल की बेटी आइवी जानना चाहती थी कि हम उसे क्यों पकड़े हुए थे और जब हम टीवी पर रो रहे थे, तब इतने सारे कैमरे हमारे आसपास क्यों थे। यह सब बताना बहुत मुश्किल था।'
वॉर्नर ने कहा कि उन्होंने अपनी बेटियों को हमेशा सच बोलने की सीख दी है। उन्होंने आगे कहा, 'लेकिन एक बात मैंने उनसे जरूर कही। बेटियों, हमेशा सच बोलना। क्योंकि झूठ आखिरकार सामने आ ही जाता है।'
वॉर्नर और स्मिथ
- फोटो : ANI
वॉर्नर बोले- अपने परिवार के लिए भी मुश्किल रहा यह समय
वॉर्नर ने माना कि इस पूरे विवाद के फिर से चर्चा में आने से उनके परिवार के लिए मुश्किलें बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि स्टीव स्मिथ और कैमरन बैनक्रॉफ्ट के परिवारों के लिए भी यह समय आसान नहीं रहा होगा। इसके बावजूद उनका मानना है कि ख्वाजा के खुलासे सामने आना जरूरी था।
वॉर्नर ने अपने संदेश के अंत में कहा, ‘यह मेरे परिवार के लिए मुश्किल समय रहा है। स्टीव और कैमरन के परिवारों के लिए भी निश्चित रूप से यह आसान नहीं रहा होगा। लेकिन जो बातें सामने आनी जरूरी थीं, वे अब सामने आई हैं। मैं पूरी तरह उजी का समर्थन करता हूं।’
इस तरह ख्वाजा की आत्मकथा में किए गए खुलासों ने आठ साल पुराने सैंडपेपरगेट विवाद को फिर चर्चा में ला दिया है। वॉर्नर के समर्थन के बाद अब इस मामले में 2018 की जांच की निष्पक्षता और पूरी टीम की कथित भूमिका को लेकर सवाल फिर उठने लगे हैं।