ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने एक बार फिर उस्मान ख्वाजा का समर्थन किया है। 2018 के केपटाउन टेस्ट में सैंडपेपर के इस्तेमाल को लेकर ख्वाजा की किताब 'सब्र' में किए गए खुलासों पर कप्तान पैट कमिंस की प्रतिक्रिया से वॉर्नर नाराज हैं। कमिंस ने ख्वाजा के दावों को ‘पूरी तरह बकवास’ बताया था। अब वॉर्नर ने कमिंस के बयान पर निराशा जताते हुए कहा कि कप्तान ने ख्वाजा को बलि का बकरा बना दिया। वॉर्नर ने शुक्रवार को पर्थ में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच पहले वनडे के दौरान फॉक्स स्पोर्ट्स से बातचीत में कहा कि वह ख्वाजा के साथ खड़े हैं और उनकी किताब में लिखी बातों का समर्थन करते हैं।
वॉर्नर और कमिंस
- फोटो : ANI
'कमिंस ने ख्वाजा को बलि का बकरा बना दिया'
वॉर्नर ने कहा, 'मैं अब भी उज्जी (उस्मान ख्वाजा) और उनकी किताब में लिखी बातों के साथ खड़ा हूं, क्योंकि वह सच है। मैं उनका पूरा समर्थन करता हूं। इस समय मुझे उनके लिए बुरा लग रहा है। मुझे लगता है कि आज कप्तान ने अपने जवाब से उज्जी को बलि का बकरा बना दिया। मैं इससे बहुत ज्यादा निराश हूं।'
दरअसल, कमिंस ने शुक्रवार को करीब 69 मिनट तक मीडिया से बातचीत की थी। इस दौरान उन्होंने ख्वाजा के उन दावों को खारिज किया था, जिनमें कहा गया था कि 2018 के सैंडपेपर विवाद के बारे में पूरी टीम को जानकारी थी। कमिंस ने कहा था कि अगर ख्वाजा का मतलब यह है कि गेंदबाजों को पता था कि मैदान पर सैंडपेपर ले जाया गया है, तो यह बात ‘100 प्रतिशत गलत’ है।
स्मिथ, वॉर्नर और बैनक्रॉफ्ट
- फोटो : Twitter
'हम तीनों ने इसकी बड़ी कीमत चुकाई'
वॉर्नर उन तीन खिलाड़ियों में शामिल थे, जिन पर 2018 के सैंडपेपर विवाद के बाद प्रतिबंध लगाया गया था। कैमरन बैनक्रॉफ्ट को केपटाउन टेस्ट में गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था। इसके बाद वॉर्नर और स्टीव स्मिथ पर एक-एक साल का प्रतिबंध लगा था, जबकि बैनक्रॉफ्ट को भी सजा मिली थी।
वॉर्नर ने कहा कि इस विवाद का सबसे बड़ा खामियाजा उन्हें, स्मिथ और बैनक्रॉफ्ट को भुगतना पड़ा। उन्होंने कहा, 'हम तीनों ने इस मामले में बहुत बड़ी कीमत चुकाई है। मैंने आठ साल तक इस बारे में बात नहीं की, लेकिन आखिरकार हमें हर दिन इसके नतीजों के साथ जीना पड़ता है। हमें जीवन भर की सजा मिली है। जब दूसरे लोग कहते हैं कि वे इससे प्रभावित हुए हैं, तो मेरे, स्टीव और कैमरन से ज्यादा किसी ने इसका सामना नहीं किया। हमें हर दिन मैदान पर जाना पड़ता है और लोगों की आलोचना झेलनी पड़ती है।'
वॉर्नर और कमिंस
- फोटो : ANI
वॉर्नर ने निजी जिंदगी पर पड़े असर का भी किया जिक्र
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज ने इस विवाद के दौरान अपने परिवार को हुई तकलीफ का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस मामले में उनकी पत्नी और उन्हें सबसे बड़ी व्यक्तिगत कीमत चुकानी पड़ी। वॉर्नर ने कहा, 'हां, हमने अपनी गलती स्वीकार की थी, लेकिन आखिरकार मेरी पत्नी और मुझे इसकी सबसे बड़ी कीमत चुकानी पड़ी। उस दौरान हमने अपना बच्चा खो दिया था। यही वजह है कि जब तक सच स्वीकार नहीं किया जाता, यह बात मुझे सबसे ज्यादा तकलीफ देती है।' वॉर्नर का कहना है कि विवाद के बाद तीनों खिलाड़ियों को लगातार आलोचना और दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ा। उनके मुताबिक, इस पूरे मामले में खिलाड़ियों पर पड़े भावनात्मक और निजी असर को भी समझना जरूरी है।
वॉर्नर-ख्वाजा और ख्वाजा की किताब सब्र
- फोटो : IANS
ख्वाजा ने अपनी किताब में क्या खुलासा किया था?
उस्मान ख्वाजा ने अपनी किताब 'सब्र' में 2018 के केपटाउन टेस्ट के सैंडपेपर विवाद को फिर से उठाया है। उन्होंने सवाल किया कि क्या इस घटना का पूरा दोष सिर्फ वॉर्नर, स्मिथ और बैनक्रॉफ्ट पर डाल दिया गया, जबकि टीम के अन्य सदस्यों को भी इसकी जानकारी थी। ख्वाजा ने अपनी किताब में बताया कि उन्हें सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी थी और उन्होंने बैनक्रॉफ्ट को सावधान रहने की सलाह दी थी। उन्होंने यह भी लिखा कि कोचिंग स्टाफ के एक सदस्य ने बैनक्रॉफ्ट से कहा था कि टीम को इस तरह की और चीजों की जरूरत है, क्योंकि परिस्थितियों में रिवर्स स्विंग हासिल करना मुश्किल हो रहा था।
ख्वाजा के मुताबिक, घटना के बाद उन्होंने टीम प्रबंधन के सामने सामूहिक जिम्मेदारी लेने की बात उठाई थी। उन्होंने बाद में टीम की बैठक में भी यह मुद्दा रखा, लेकिन उनके सुझाव को सभी का समर्थन नहीं मिला। वॉर्नर पहले भी इस मामले की जांच पर सवाल उठा चुके हैं। उनका कहना था कि जांच जल्दबाजी में और अधूरी की गई थी। उन्होंने यह भी कहा था कि घटना के समय ड्रेसिंग रूम में मौजूद ख्वाजा का बयान तक दर्ज नहीं किया गया था।