जिम्बाब्वे ने सिकंदर रजा (89) और निचले क्रम के बल्लेबाजों की बदौलत वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरा टेस्ट ड्रॉ करा लिया। हालांकि विंडीज टीम 1-0 से सीरीज जीतने में सफल रही। पहले टेस्ट में कैरेबियाई
टीम ने 117 रन से जीत दर्ज की थी। सिकंदर रजा को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच जबकि देवेंद्र बीशू को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। रजा ने पहली पारी में 80 रन बनाए थे। साथ ही 99 रन देकर पांच विकेट भी हासिल किए थे।
जिम्बाब्वे पांचवें और अंतिम दिन का खेल खत्म होने तक अपनी दूसरी पारी में सात विकेट पर 301 रन बनाए। उसकी ओर से चकाबवा ने 192 गेंदों पर नाबाद 71 जबकि कप्तान क्रीमर ने 150 गेंदों पर नाबाद 28 रन बनाए। मेजबान टीम ने पहली पारी में 326 रन बनाए थे। जवाब में विंडीज की पारी 448 रन पर खत्म हुई थी।