ऐसा कम ही देखने को मिलता है कि एक बड़ी सीरीज शुरू होने से पहले किसी राष्ट्रीय टीम के कोच और कप्तान दोनों को ही बर्खास्त कर दिया जाए। कुछ ऐसा ही हुआ है भारत के खिलाफ एक बड़ी सीरीज से पहले जब जिम्बाब्वे की टीम के साथ।
जिम्बाब्वे क्रिकेट (जेडसी) ने भारत के साथ इसी महीने खेली जाने वाली 3-3 मैचों की वनडे और टी-20 सीरीज से पहले राष्ट्रीय टीम के कोच डेव व्हाटमोर और कप्तान हैमिल्टन मासाकाद्जा को उनके पद से बर्खास्त कर दिया है। टीम इंडिया पहली बार कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में जिम्बाब्वे का दौरा करेगी।
व्हाटमोर की जगह दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज मखाया एंटिनी को अंतरिम कोच बनाया गया है जबकि ग्रीम क्रीमर टीम के नए कप्तान होंगे। भारत और जिम्बाब्वे के बीच सीमित ओवरों की सीरीज 11 जून से खेली जाएगी।
जिम्बाब्वे क्रिकेट ने कहा है कि हाल में संपन्न आईसीसी टी-20 विश्व कप में टीम के खराब प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। आईसीसी टी-20 विश्व कप में जिम्बाब्वे की टीम शुरुआती दौर में ही बाहर हो गई थी।