जिम्बाब्वे ने सोमवार को पहले टेस्ट के दूसरे दिन अच्छी बल्लेबाजी से पहली पारी में 358 रन बनाए और स्टंप तक श्रीलंका का एक विकेट भी झटक लिया। तेज गेंदबाज डोनल्ड तिरिपानो ने ओशदा फर्नांडो (21 रन) को बोल्ड कर श्रीलंका को झटका दिया जिसने खराब रोशनी के कारण खेल रोके जाने तक एक विकेट गंवाकर 42 रन बना लिए।
तिरिपानो ने जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी में योगदान दिया और 44 रन बनाकर नाबाद रहे जिससे टीम रात के दो विकेट पर 189 रन के स्कोर से 358 रन तक पहुंच गई। स्टंप तक दिमुथ करूणारत्ने 12 और कुसाल मेंडिस छह रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। जिम्बाब्वे की टीम 14 महीने के बाद टेस्ट मैच खेल रही है जबकि घरेलू सरजमीं पर 2017 के बाद टीम का यह पहला टेस्ट है।