भारत में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए किए गए सुरक्षा उपायों पर पीसीबी अध्यक्ष जका अशरफ ने संतोष जताया है। अशरफ ने कहा कि हम सुरक्षा को लेकर चिंतित नहीं है, क्योंकि हमें यकीन है कि भारतीय बोर्ड और सरकार हमारे खिलाड़ियों को सर्वश्रेष्ठ सुरक्षा मुहैया कराएंगे। पाक गृह मंत्रालय के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सहित पीसीबी का प्रतिनिधिमंडल फिलहाल भारत दौरे पर उन स्थानों का जायजा ले रहा हैं, जहां दिसंबर जनवरी में दो टी-20 और तीन वनडे मैच खेले जाने हैं।
अशरफ ने कहा कि उन्हें यकीन है कि पर्याप्त सुरक्षा के बीच खिलाड़ी अपने खेल पर फोकस करेंगे। उन्होंने कहा कि मैं इसे सिर्फ एक क्रिकेट सीरीज के रूप में नहीं देख रहा हूं। यह उससे बड़ी है। इससे दोनों देशों के आपसी संबंध भी बेहतर होंगे।
अशरफ ने कहा कि वह दूसरे क्रिकेट बोर्ड को भी पाक में अपनी टीम भेजने के लिए मनाने की कोशिश कर रहे हैं। अशरफ ने कहा कि मैं नाम नहीं लेना चाहता, लेकिन फिलहाल दो या तीन बोर्ड से बात चल रही है। हम उन्हें आश्वस्त करने की कोशिश कर रहे हैं कि पाकिस्तान में सुरक्षा को लेकर कोई खतरा नहीं है और वे अपनी टीम भेज सकते हैं।