पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष जका अशरफ ने भारत दौरे पर पाक टीम के शानदार स्वागत के लिए बीसीसीआई और भारतीय प्रशंसकों का धन्यवाद किया है। अशरफ ने कहा, ‘मैं बीसीसीआई के साथ सभी मेजबान राज्यों डीडीसीए, कैब, जीसीए, केएससीए और टीएनसीए को शानदार मेजबानी के लिए धन्यवाद देना चाहूंगा। हम जहां भी गए, भी जगह माहौल काफी दोस्ताना था। यह सीरीज काफी अच्छी रही और हम ऐसी और ज्यादा सीरीज की उम्मीद करते हैं।’
यादगार रहेगा यह दौरा: मिस्बाह
पाकिस्तान टीम के कप्तान मिस्बाह उल हक ने भी भारत दौरे को बेहद यादगार बताया। मिस्बाह ने कहा, ‘यह काफी शानदार सीरीज रही। हमारे पास इस दौरे की कभी न भूलने वाली कुछ यादें हैं। हम जिस किसी शहर में गए, लोगों ने हमारे साथ ऐसा व्यवहार किया जैसे हम अपने के बीच ही थे। यह वास्तव में हम सभी के लिए दिल को छू लेने वाला अनुभव रहा। मैं उम्मीद करता हूं कि हमारे बीच और द्विपक्षीय सीरीज होगी जिसका दोनों देशों के प्रशंसक काफी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।’
उम्मीद है, पाक आएगी भारतीय टीम: हफीज
पाकिस्तान के ट्वंटी-20 टीम के कप्तान मोहम्मद हफीज ने उम्मीद जताई कि अब भारतीय टीम जल्द पाक दौरे की शुरुआत करेगी। हफीज ने कहा, ‘जो प्यार और स्नेह हमें भारतीय लोगों से मिला वो बेहतरीन था। अब हमारी बारी है कि हम इस लौटाए। हम भारतीय टीम के स्वागत की ओर देख रहे हैं जिससे उन्हें इसी तरह का प्यार और स्नेह दे सके।’