पाकिस्तान के दिग्गज बल्लेबाज जहीर अब्बास का मानना है कि आलोचनाओं का शिकार भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को ट्वंटी-20 क्रिकेट की कप्तानी से ब्रेक लेना चाहिए, जिससे कि अपने खेल पर ध्यान दे सकें। बकौल अब्बास, ‘उसे धोनी को टी-20 प्रारूप छोड़ देना चाहिए। उसे इस प्रारूप में कप्तानी से ब्रेक मिलना चाहिए। उसे क्रिकेट का हिस्सा बने रहना चाहिए लेकिन वन-डे और टेस्ट के कप्तान के रूप में। वह आपका कैप्टन कूल है और उसे कुछ समय की जरूरत है।’
धोनी की कप्तानी पर सवाल उठने लगे हैं क्योंकि घरेलू सरजमीं पर इंग्लैंड के खिलाफ 28 बरस में पहली टेस्ट सीरीज गंवाने के बाद टीम ने अब लचर प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को वन-डे सीरीज भी गंवा दी है। पाकिस्तान ने कोलकाता में दूसरे वन-डे में भारत को 85 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। मौजूदा सीरीज में पाकिस्तान के दबदबे के बारे में पूछने पर अब्बास ने कहा कि भारतीय बल्लेबाजी और गेंदबाजी क्रम वैसा नहीं है जैसा पहले हुआ करता था।