फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Yuvraj Singh Reaches ED Office: ईडी के सामने पेश हुए युवराज सिंह, जानें क्या है पूरा मामला

Tue, 23 Sep 2025 12:15 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

सूत्रों के मुताबिक, ईडी ने युवराज को जांच के लिए समन भेजा था, लेकिन वह आज निर्धारित समय पर नहीं पहुंचे। वह करीब डेढ़ घंटे की देरी से दफ्तर पहुंचे।
विज्ञापन
युवराज सिंह - फोटो : IGPL
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह अवैध सट्टा एप मामले में प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष आज पेश हुए। यह मामला वन-एक्स-बेट (1xBet) नामक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जुड़ा है, जो अवैध सट्टेबाजी गतिविधियों में शामिल बताया जा रहा है। अधिकारियों ने इस मामले में उनके संभावित प्रचार या साझेदारी वाले संबंधों की जांच शुरू कर दी है। इससे पहले, इस मामले में संघीय एजेंसी ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना, शिखर धवन और रॉबिन उथप्पा से भी पूछताछ की थी। 
विज्ञापन


ईडी ने युवराज को जांच के लिए आज की तारीख दी थी और सुबह 11 बजे एजेंसी मुख्यालय में पेश होने के लिए तलब किया था, लेकिन वह आज निर्धारित समय पर नहीं पहुंचे। वह दोपहर करीब साढ़े 12 बजे ईडी दफ्तर पहुंचे। युवराज के वकील ने मीडिया से कहा कि वह इस मामले में पूरी तरह सहयोग करने के लिए तैयार हैं, लेकिन कुछ तकनीकी कारणों से समय पर पेश नहीं हो पाए।

विज्ञापन

मामला क्या है?
ईडी पूछताछ के दौरान यह समझना चाहती है कि क्रिकेटरों की इस एप (1xBet) में क्या भूमिका रही है या संबंध रहे हैं। ईडी यह जांच करेगी कि क्या युवराज ने इस बेटिंग एप के प्रचार में अपनी छवि का इस्तेमाल किया और इसके बदले कोई भुगतान लिया या नहीं। पूछताछ धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत की जाएगी और युवराज के बयान भी इसी अधिनियम के तहत ही दर्ज किए जाएंगे। ईडी इस अवैध नेटवर्क में उनके किसी भी वित्तीय या गैर-वित्तीय साझेदारी का पता लगाने की कोशिश करेगी। 

ईडी इन हस्तियों से जानना चाहती है कि...
  • उन्हें कंपनी ने किस तरह संपर्क किया और एंडोर्समेंट के लिए कैसे अप्रोच किया?
  • भारत में संपर्क के लिए कौन नोडल पर्सन था?
  • भुगतान का तरीका (हवाला या बैंकिंग चैनल) और भुगतान का स्थान (भारत या विदेश) क्या है?
  • क्या उन्हें पता था कि ऑनलाइन सट्टेबाजी और गेमिंग भारत में अवैध है?
  • उनके 1xBet के संपर्क में बने अनुबंध, ईमेल और अन्य दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया है।

रैना, धवन और उथप्पा से भी हो चुकी पूछताछ
इससे पहले भी ईडी ने कई बड़े नामों को पूछताछ के लिए बुलाया था। हाल ही में पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना और शिखर धवन से भी इसी मामले में दिल्ली में सवाल-जवाब किए गए थे। वहीं, सोमवार को रॉबिन उथप्पा से भी पूछताछ हुई। इसके अलावा, कुछ अन्य कंपनियां और डिजिटल प्लेटफॉर्म भी जांच के दायरे में आ चुके हैं। पिछले महीने, ईडी ने एक अन्य ऑनलाइन बेटिंग एप परिमैच से जुड़े मामले में कई राज्यों में छापेमारी भी की थी।

1xBet क्या है? करोड़ों की ठगी का आरोप
1xBet कंपनी 18 वर्षों से सट्टेबाजी उद्योग में सक्रिय है। कंपनी के प्लेटफॉर्म पर ग्राहक हजारों खेलों पर सट्टा लगा सकते हैं। वेबसाइट और एप 70 भाषाओं में उपलब्ध हैं। ईडी इस समय कई ऐसे मामलों की जांच कर रही है, जो अवैध बेटिंग एप्स से जुड़े हैं। एजेंसी का मानना है कि इस तरह के बेटिंग एप्स न केवल अवैध हैं, बल्कि इनके जरिए बड़े पैमाने पर धन शोधन की गतिविधियां भी होती हैं। इन एप्स पर आरोप है कि इन्होंने लाखों लोगों और निवेशकों को करोड़ों रुपये का चूना लगाया है या फिर भारी मात्रा में टैक्स की चोरी की है। इस मामले में ईडी ने कार्रवाई तेज की है, खासकर उन विज्ञापनों पर जिनमें फिल्मी सितारे और क्रिकेटर शामिल हैं। इसी कड़ी में अब क्रिकेटरों और फिल्मी हस्तियों की भूमिका को लेकर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है। 

पैसे का इस्तेमाल और कानून
एजेंसी यह भी जांच रही है कि इन हस्तियों द्वारा प्राप्त पैसा कहां और कैसे इस्तेमाल किया गया। अगर यह पैसा अपराध से अर्जित हुआ पाया जाता है, तो उसे PMLA के तहत अपराध माना जा सकता है। हाल ही में सरकार ने भारत में रियल मनी ऑनलाइन गेमिंग पर प्रतिबंध लगाया। ईडी ने जम्मू-कश्मीर में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में इस क्षेत्र से जुड़े वित्तीय अपराधों की जांच के लिए विशेष रणनीतियां बनाने का निर्णय लिया।
विज्ञापन

सट्टेबाजी एप्स का कारोबार 100 अरब डॉलर से ज्यादा
सरकारी और मार्केट विश्लेषकों के मुताबिक, भारत में ऑनलाइन सट्टेबाजी एप्स के करीब 22 करोड़ उपयोगकर्ता थे, जिनमें से लगभग 11 करोड़ नियमित उपयोगकर्ता थे। ऑनलाइन सट्टेबाजी एप्स का भारतीय बाजार 100 अरब डॉलर से अधिक का है और यह 30 प्रतिशत की दर से बढ़ रहा है। सरकार ने 2022 से जून 2025 तक 1,524 आदेश जारी कर ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुआ प्लेटफॉर्म को ब्लॉक किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें