दुनिया के महानतम बल्लेबाजो में शुमार सचिन तेंदुलकर आज अपना 50वां जन्मदिन मना रहे हैं। दुनियाभर के क्रिकेट फैंस उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दे रहे हैं। सचिन को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायर हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन इस खेल में उनका प्रभाव आज भी कायम है। उनके कई रिकॉर्ड्स आज भी किसी बल्लेबाज के लिए तोड़ने काफी मुश्किल हैं। क्रिकेट के मैदान पर सचिन जितने जेंटनलमैन रहे, मैदान से बाहर भी उनकी शख्सीयत कुछ वैसी ही है। इसका खुलासा युवराज सिंह ने सचिन के लिए किए बर्थडे पोस्ट में किया।
युवराज ने सचिन को लेकर क्या कहा?
युवराज ने सचिन के साथ काफी क्रिकेट खेली है। दोनों 2011 वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे थे। युवराज ने ट्विटर पर सचिन के लिए एक पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने कई खुलासे किए हैं। युवराज ने इसके साथ ही एक वीडियो भी शेयर किया है। युवी इसमें कहते हैं- मैं बहुत कुछ कहना चाहता हूं, लेकिन मैं जो भी उनके लिए कहूं उसमें मुझे सावधान रहना होगा। जब सचिन गुस्सा होते हैं, तो आपको यह सुनिश्चित करना होता है कि आप उनसे दूर रहें! वह जितने महान होते गए, उतना ही विनम्र भी हुए। जब क्रिकेट की बात आती है तो वह एक कलाकार हैं। टेबल टेनिस में आप उन्हें हरा नहीं सकते, चाहे आप कितनी भी कोशिश कर लें।
युवराज ने सचिन को लेकर खुलासे किए
- फोटो : IPL/BCCI
युवराज ने कहा- मैं उनके साथ शूट कर रहा था और उनसे कहा कि आज आपका 50वां जन्मदिन है। हमारे पास मनाने को आज कुछ खास है। हालांकि, उन्होंने कहा नहीं यह मेरा 25वां जन्मदिन है। वह मेरे लिए एक मेंटर की तरह रहे हैं। खासकर मेरे कठिन समय में उन्होंने अपनी सकारात्मकता से मेरी मदद की है। जन्मदिन मुबारक हो मास्टर! ढेर सारा प्यार और शुभकामनाएं। यह बर्थडे खास है।
कैप्शन में युवी ने क्या लिखा?
युवराज ने इस पोस्ट के कैप्शन में लिखा- वह आए, वह खेले और चार पीढ़ियों के तक दिलों को जीतते रहे! अच्छे दिन हों या बुरे दिन, कोई रन न हो या 100 रन बनाएं, उनका सिर हमेशा ऊंचा रहता था और पैर मजबूती से जमीन पर टिके रहते थे। उन्होंने हमें सिखाया कि सही प्रक्रिया का पालन करने से दीर्घकालिक प्रगति होती है!
पोंटिंग ने भी सचिन की तारीफ की
इससे पहले पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग ने सचिन तेंदुलकर को तकनीकी रूप से सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का दर्जा दिया। पोंटिंग ने कहा सचिन ने हमेशा चुनौतियां का हल ढूंढ निकाला। विराट कोहली की सचिन से तुलना पर पोंटिंग ने कहा कि वह दो भारतीय क्रिकेट दिग्गजों के बीच 'उचित तुलना' करने से पहले कोहली के अंतरराष्ट्रीय करियर के समाप्त होने का इंतजार करेंगे।
पोंटिंग ने कहा- मैंने हमेशा कहा है कि सचिन तकनीकी रूप से सबसे अच्छे बल्लेबाज हैं जिन्हें मैंने बल्लेबाजी करते देखा है या जिनके खिलाफ खेला है। पोंटिंग ने तेंदुलकर के 50वें जन्मदिन की पूर्व संध्या पर 'आईसीसी रिव्यू' में कहा- एक बॉलिंग यूनिट के रूप में हम जो भी प्लान बनाते थे, उन्होंने उससे मुकाबला करने का तरीका खोज लिया, चाहे वह भारत में हो या ऑस्ट्रेलिया में।