भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के चहेते युवराज सिंह ने अपने बल्ले की चमक बिखेरी और ताबड़तोड़ 4 छक्के और 8 चौकों की मदद से 98 रन ठोक डाले। उनकी इस अद्भ़त पारी की बदौलत पंजाब टीम विजय हजारे ट्रॉफी सीरीज में नॉकआउट राउंड में पहुंच गई।
शुक्रवार को हैदराबाद में हुए पंजाब और सर्विसेज के बीच सीमित ओवरों वाले मैच में हरभजन सिंह की कप्तानी में पंजाब ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। सर्विसेज की ओर से भी अच्छी बल्लेबाजी की गई। सौम्य स्वॉन (101) के शतक की बदौलत टीम ने 50 ओवरों में 7 विकेट खोकर पंजाब को 324 रनों का विशाल लक्ष्य दिया।
जवाब में पंजाब की शुरुआत लाजवाब रही। करीब 11 ओवरों तक पहले विकेट की साझेदारी के साथ पंजाब ने नियंत्रित बल्लेबाजी का परिचय दिया। टीम के सर्वश्रेष्ठ स्कोरर युवराज सिंह रहे। उन्होंने 83 गेंदों में 98 रनों की आतिशी पारी खेली। इसमें 4 छक्के और 8 चौके भी लगाए। पंजाब ने सर्विसेज के लक्ष्य को आसानी से हासिल किया।