पूर्व कप्तान कपिल देव ने कहा कि युवराज सिंह ने कैंसर से उबरने के बाद अहमदाबाद टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन किया लेकिन उन्हें टेस्ट टीम में जगह पक्की करने के लिए खेल के लंबे फार्मेट पर ज्यादा ध्यान देने की दरकार है। कपिल ने यह बात ‘युवी’ नाम की पुस्तक के विमोचन पर कहीं।
बकौल कपिल, ‘वह टेस्ट क्रिकेट में अच्छा खेलते हैं। क्रिकेट उसका शौक है। वन-डे और ट्वंटी-20 में वह दुनिया के सबसे बेहतरीन स्ट्रोक प्लेयर में से एक है लेकिन उन्हें टेस्ट क्रिकेट में खुद को स्थापित करने की दरकार है। उन्हें इस पर ध्यान देने की जरूरत है।’
युवराज अपने शुरुआती दिनों में पूर्व मुख्य चयनकर्ता दिलीप वेंगसरकर की एकेडमी में खेल भी चुके हैं। इस मौके पर मौजूद वेंगसरकर ने भी कहा कि बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने ज्यादा टेस्ट मैच नहीं खेले हैं। बकौल वेंगसरकर, ‘काफी साल से उन्होंने टेस्ट मैच नहीं खेला है।
मेरा मानना है कि यह उनके लिए खराब है।’ वह वेंगसरकर ही थे, जिन्होंने मुख्य चयनकर्ता रहते हुए युवराज को टेस्ट मैचों में खेलने का मौका दिया था। पूर्व कप्तान ने कहा, ‘जब मैं चयनकर्ता बना, मैंने उसे टेस्ट सीरीज खेलने का मौका दिया। उसने बंगलूरू में पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेला और उस मैच में 169 रन ठोके। यह उसकी सर्वश्रेष्ठ पारियों में से एक है।
मैंने यह टेस्ट मैच देखा था। लेकिन दुर्भाग्य से वह अभ्यास सत्र में ही चोटिल हो गया था। तब मैंने देखा था कि उसमें शॉट खेलने की गजब की प्रतिभा थी। वह वेस्ट इंडीज के दिग्गज गैरी सोबर्स की स्टाइल में शॉट खेलता था। वह काफी अनुशासित था।’उन्होंने उस दिन को भी याद किया जब युवराज पहली बार उनकी एकेडमी में आए थे।