गजब के फॉर्म में चल रहे पाकिस्तान के बल्लेबाज यूनिस खान ने साल 2014 में टेस्ट क्रिकेट में एक हजार रनों का आंकड़ा पार कर लिया है।
दुबई में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में 72 रन बनाने के दौरान उन्होंने इस आंकड़े को पार किया। इसके साथ ही यूनिस (1015 रन) ऐसा करने वाले दुनिया के चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। मजेदार बात यह है कि यूनिस से पहले इस साल टेस्ट में एक हजार रन बनाने वाले तीनों ही बल्लेबाज श्रीलंका से हैं। श्रीलंका के कप्तान एंजेलो मैथ्यूज (1044) के अलावा कुमार संगकारा (1431) और महेला जयवर्धने (1003) इस सूची में शामिल हैं।
यूनिस इन दिनों जबर्दस्त फॉर्म में हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज की चारों पारियों में 106, नाबाद 103, 213 और 46 रन बनाए थे। इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में भी उन्होंने नाबाद 100 और 28 रन बनाए। दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में यूनिस ने 72 रनों का योगदान दिया। एक हजार रन बनाने के लिए सभी 4 बल्लेबाजों में उन्होंने सबसे कम 8 मैच खेले हैं।
यूनिस की उपलब्धि के बावजूद संघर्ष कर रहा पाक
यूनिस खान की उपलब्धि के बावजूद पाकिस्तान के खिलाफ जारी दूसरे टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड बढ़त के करीब पहुंच गया है। न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 403 रन बनाए थे।
जवाब में मैच के तीसरे दिन स्टंप्स तक पाकिस्तान के 6 विकेट 281 रन पर गिर गए। अजहर अली सर्वाधिक 75 और लगातार 4 पारियों से शतक ठोक रहे यूनिस खान 72 रन बनाकर आउट हुए। अजहर का भी बल्ला इस साल जमकर बोल रहा है, उन्होंने इस साल 7 टेस्ट मैचों में छठी बार 50 से ज्यादा का स्कोर किया है। वह अब तक 58.4 की औसत से खेलते हुए 3 शतकों के सहारे 701 रन बना चुके हैं।
पिछले 3 मैचों में लगातार शतक ठोकने वाले कप्तान मिस्बाह उल हक 28 रन ही बना सके जबकि अशद शफीक ने 44 रन का योगदान किया। पाकिस्तान सीरीज का पहला मैच जीतकर 1-0 से आगे है।
युनिस का एक महीने का स्कोर, बेल के एक साल के स्कोर बराबर
पाकिस्तान के धाकड़ बल्लेबाज यूनिस खान ने पिछले महीने टेस्ट क्रिकेट में जमकर रन बनाए। उन्होंने एक ही महीने में 668 रन बना डाले। इस दौरान उन्होंने एक अर्धशतक और 4 शतक लगाए जिसमें एक दोहरा शतक भा शामिल है।
इसी को आधार बनाते हुए हम इंग्लैंड के धाकड़ बल्लेबाज इयान बेल की बात करें तो उन्होंने पिछले 12 महीनों में 669 रन बनाए हैं।
पाकिस्तान को न्यूजीलैंड के खिलाफ खराब शुरुआत से उबारने वाले यूनिस खान और अजहर अली ने तीसरे विकेट के लिए 113 रनों की साझेदारी की। यह जोड़ी 10वीं बार 50 से ज्यादा रनों की साझेदारी करने वाली पाकिस्तानी की 19वी जोड़ी बन गई है।