बीसीसीआई और चयनकर्ताओं के इस फैसले से खुश हुए योगराज
भारत को हाल ही में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर हार का सामना करना पड़ा था। मेजबानों ने टीम इंडिया को 1-3 से हराकर सीरीज अपने नाम की थी। इससे पहले भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ भी टेस्ट सीरीज में शिकस्त मिली थी। लगातार हार के बाद टीम इंडिया को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। इस दौरान रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे अनुभवी बल्लेबाज भी आलोचकों के निशाने पर आ गए थे। उनका बल्ला खामोश रहा था। हालांकि, अब उन्हें दुबई में खेली जाने वाली चैंपियंस ट्रॉफी के लिए स्क्वॉड में शामिल किया गया है। बीसीसीआई और चयनकर्ताओं के इस फैसले का योगराज सिंह ने समर्थन किया है। उन्होंने कहा- नीचे गिरने पर सहारे की जरूरत होती है। विराट कोहली और रोहित शर्मा को ड्रॉप करने की गलती करने पर पूरी टीम बिखर जाती।
इस दौरान उन्होंने एक पुराना किस्सा सुनाते हुए कहा- 2000 में जब सौरव गांगुली कप्तान बने उस समय टीम इंडिया संघर्ष के दौर से गुजर रही थी। अजहरुद्दीन जैसे दिग्गज मैच फिक्सिंग जैसे आरोपों से जूझ रहे थे, लेकिन सौरव ने टीम इंडिया को एकजुट कर विदेश में भी जीतने का जज्बा पैदा किया। उस दौर में कई चैंपियन खिलाड़ी पैदा हुए। हालांकि, 2011 में एक बार फिर सीनियर खिलाड़ियों के बाहर जाने से टीम संघर्ष करने लगी।