टीम इंडिया ने साल की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में की। अजिंक्य रहाणे की अगुवाई में टीम ने ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर अपनी दूसरी टेस्ट सीरीज जीती। उन्होंने कंगारुओं को पहली बार गाबा में हराया। विराट कोहली ने सीरीज का पहला मैच खेला जिसमें टीम को करारी हार मिली, इसके बाद कोहली पितृत्व अवकाश लेकर स्वदेश लौट आए। लेकिन इसके बाद टीम ने जोरदार वापसी की और कई स्टार खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में भी इतिहास रचने में कामयाब रही। भारत ने 2-1 से सीरीज को अपने नाम किया। टीम इंडिया ने इससे पहले 2018-19 में भी ऑस्ट्रेलिया को उसके घर में हराया था और यह दूसरी बार था जब उसने यह कारनामा किया।
टीम इंडिया के सीमित ओवरों के नए कप्तान रोहित शर्मा के लिए यह साल बेहद खास रहा। वह अगस्त-सितंबर में इंग्लैंड दौरे के दौरान क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में 3000 रन बनाने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बने। उनसे पहले सिर्फ विराट कोहली ने ही यह कमाल किया था। रोहित ने टेस्ट सीरीज में सलामी बल्लेबाजी करते हुए अपना लोहा मनवाया। रोहित ने वनडे में 9000 से अधिक रन बनाए हैं जबकि टेस्ट और टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भी 3000 से अधिक रन हैं।
रोहित शर्मा का बल्ले से शानदार प्रदशन और विस्फोटक अंदाज इस साल भी देखने को मिला। उन्होंने हमेशा विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाकर रखा और खूब धुनाई की। उन्होंने यूएई में आयोजित टी-20 वर्ल्ड कप में एक खास उपलब्धि हासिल की। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे अधिक बार 50 से अधिक का स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बने। उन्होने इस मामले में साथी खिलाड़ी विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा। रोहित ने इस प्रारूप में कुल 26 अर्धशतक और चार शतक लगाए हैं। रोहित ने इसके अलावा टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 150 छक्के पूरे किए और ऐसा करने वाले दूसरे बल्लेबाज बने।
भारत के अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के लिए यह साल बेहद खास रहा। एक लंबे समय बाद उनकी टी-20 अंतरराष्ट्रीय में वापसी हुई। हालांकि उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में एक बार फिर से अपनी छाप छोड़ी। उन्होंने हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में हरभजन सिंह के 417 विकेट के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। वह भारत की सबसे अधिक टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गए। वह भारत के लिए दूसरे सबसे सफल स्पिनर भी बने। अश्विन इसके अलावा सर्वाधिक विकेट लेने वाले दुनिया के पांचवें गेंदबाज बने। उनसे आगे अब सिर्फ मुथैया मुरलीधरन (800), शेन वार्न (708), अनिल कुंबले (619) और रंगना हेराथ (433) ही हैं।
भारत के बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल के लिए यह साल बेहद यादगार रहा। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में अपनी फिरकी का जादू बिखेरा और विपक्षी बल्लेबाजों को खूब परेशान किया। उन्होंने हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में पांच विकेट चटकाए। इसी के साथ वह पहले पांच टेस्ट मैचों में सर्वाधिक पांच विकेट हॉल लेने वाले भारतीय स्पिनर बने। उन्होंने इस मामले में नरेंद्र हिरवानी और लक्ष्मण शिवरामकृष्णन को पछाड़ा। अक्षर ने अपने शुरू के पांच टेस्ट में ही 36 विकेट ले लिए हैं।