इसी महीने के अंत में एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले अहम मुकाबले से पहले ही पाक टीम को जोर का झटका लगा है। इस गेंदबाज को पाक टीम की फिरकी आक्रमण का खास हथियार माना जा रहा था।
पाकिस्तान के लेग स्पिनर यासिर शाह पर आईसीसी ने नियमों का उल्लंघन किए जाने के कारण अगले 3 महीने के लिए सभी तरह की क्रिकेट गतिविधियों से भाग लेने से निलंबित कर दिया है। डोप टेस्ट में फेल होने की वजह से उन्हें निलंबन झेलना पड़ रहा है। उनके सैंपल में प्रतिबंधित पदार्थ क्लोरटालिडोन पाया गया है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने सख्त तेवर दिखाते हुए यह प्रतिबंध लगाया। आईसीसी की डोपिंगरोधी संहिता के अनुच्छेद 2.1 के तहत यासिर पर ये प्रतिबंध लगा है। इस निलंबन के कारण वह मार्च तक क्रिकेट से दूर रहेंगे जिस कारण वह कई अहम मुकाबले टीम के लिए नहीं खेल पाएंगे।