भारत और अफगानिस्तान के बीच मुल्लांपुर में एकमात्र टेस्ट मैच खेला जा रहा है। इसके बाद दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज भी खेली जाएगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इस सीरीज के लिए टीम का एलान कर दिया था, लेकिन भारत को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली चोट के कारण इस सीरीज में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। बीसीसीआई ने उनकी जगह यशस्वी जायसवाल को शामिल करने का फैसला किया है।
सीरीज का कार्यक्रम
- भारत और अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज 13 जून से धर्मशाला में होने वाले पहले मैच से शुरू होगी।
- इसके बाद अगले दो मैच लखनऊ और चेन्नई में क्रमश: 17 और 20 जून को खेले जाएंगे।
- वनडे सीरीज से पहले छह जून से मुल्लांपुर में एकमात्र टेस्ट मैच भी खेला जा रहा है।
आईपीएल फाइनल के दौरान कोहली को लगी थी चोट
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की सीरीज का पहला मैच 13 जून को धर्मशाला में खेला जाएगा। कोहली को 31 मई को अहमदाबाद में खेले गए आईपीएल फाइनल के दौरान चोट लगी थी। स्कैन से पता चला है कि उनकी डिस्टल सेमीमेम्ब्रेनस टेंडन (घुटने के पीछे की मांसपेशियां) फट गई है। उनकी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने यह मैच जीत कर लगातार दूसरी बार आईपीएल का खिताब जीता था। ये पहले से ही तय माना जा रहा था कि कोहली इस सीरीज में नहीं खेल पाएंगे और शनिवार को बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने इसकी पुष्टि कर दी है।
हाल ही में टीम के सहायक कोच रेयान टेन डस्काटे ने कोहली की उपलब्धता को लेकर कहा था कि सीरीज से पहले उनका फिटनेस टेस्ट किया जाएगा, लेकिन आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम का एलान करते वक्त सैकिया ने इसकी पुष्टि कर दी कि कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ नहीं खेल पाएंगे। सैकिया ने बताया कि कोहली की जगह यशस्वी जायसवाल टीम में शामिल होंगे। यशस्वी एकमात्र टेस्ट के लिए भी भारतीय टीम का हिस्सा हैं।
अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे।