इंग्लैंड लायंस ने भारत ए के खिलाफ अनौपचारिक टेस्ट मैच के पहले दिन टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। भारत ए को यशस्वी जायसवाल और कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन के रूप में शुरुआती झटके लगे। आईपीएल 2025 के समाप्त होने के बाद केएल राहुल भारत ए टीम से जुड़े और उन्होंने यशस्वी के साथ ओपनिंग की। दोनों बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए 28 रनों की साझेदारी हुई। यशस्वी 26 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 17 रन बनाकर आउट हुए।
गुस्से में पवेलियन लौटे यशस्वी
यशस्वी को क्रिस वोक्स ने अपना शिकार बनाया। वोक्स की गेंद यशस्वी के पैड पर लगी और अंपायर ने उन्हें आउट दिया। यशस्वी इस फैसले से खुश नहीं थे और उन्होंने अंपायर की तरफ इशारा करते हुए कहा कि गेंद बाहर जा रही है। हालांकि, ये अनौपचारिक टेस्ट था जिस कारण यशस्वी के पास अंपायर के फैसले को चुनौती देने का अधिकार नहीं था। आउट होने के बाद कुछ सेकेंड के लिए यशस्वी क्रीज पर ही खड़ रहे, लेकिन अंपायर के फिर आउट होने का इशारा करने पर गुस्से में पवेलियन लौटते दिखाई दिए।