भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे टेस्ट के चौथे दिन फील्डिंग से काफी निराश किया और कुल तीन कैच छोड़े। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) पर खेले जा रहे इस मैच की दूसरी पारी में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने ऑस्ट्रेलिया को शुरुआती झटके देकर बैकफुट को ढकेल दिया था, लेकिन यशस्वी की खराब फील्डिंग से कंगारू टीम वापसी करने में सफल रही।
भारत की पहली पारी 369 रन पर ऑलआउट हुई थी और ऑस्ट्रेलिया ने 105 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी। इसके बाद दूसरी पारी में बुमराह और मोहम्मद सिराज ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को परेशान किया था और एक समय कंगारू टीम का स्कोर छह विकेट पर 99 रन था। 40वें ओवर में आकाश दीप की गेंद पर लाबुशेन को यशस्वी ने जीवनदान दिया। उस वक्त लाबुशेन 46 रन के स्कोर पर थे। यशस्वी गली में खड़े थे और उनसे आसान कैच छूट गया।
लाबुशेन ने जीवनदान का फायदा उठाया
यशस्वी के कैच छोड़ने से आकाश दीप सहित पूरी भारतीय टीम निराश हो गई और कप्तान रोहित शर्मा अपने गुस्से पर काबू नहीं रख सके। यह पहली बार नहीं था जब यशस्वी से कैच छूटा। उन्होंने लाबुशेन से पहले उस्मान ख्वाजा का कैच भी छोड़ दिया था। हालांकि, सिराज ने ख्वाजा को 21 रन के स्कोर पर आउट किया। लाबुशेन का कैच छोड़ना भारत को भारी पड़ा क्योंकि उन्होंने खुद को मिले जीवनदान का फायदा उठाया और अर्धशतक जड़ा।
लाबुशेन को सिराज ने किया आउट
लाबुशेन की अर्धशतकीय पारी की मदद से ही ऑस्ट्रेलिया 250+ रनों की बढ़त हासिल करने में सफल रहा। लाबुशेन को सिराज ने एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 139 गेंद में 70 रन बनाकर आउट हुए। लाबुशेन ने कमिंस के साथ सातवें विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी निभाई। इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में शुरुआत खराब रही। सैम कोंस्टास (8) बुमराह के शिकार बने। इसके बाद सिराज ने उस्मान ख्वाजा (21) को पवेलियन भेजा। सिराज ने फिर स्टीव स्मिथ को विकेटकीपर पंत के हाथों कैच कराया। वह 13 रन बना सके। इसके बाद बुमराह का कहर देखने को मिला। उन्होंने एक ही ओवर में ट्रेविस हेड (1) और मिचेल मार्श (0) को पवेलियन भेजा। फिर एलेक्स कैरी को बोल्ड किया। कैरी दो रन बना सके।