दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल मुकाबले से पहले नॉर्थ जोन को बड़ा झटका लग सकता है। टीम के टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज यश ढुल हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण साउथ जोन के खिलाफ रविवार से शुरू होने वाले मुकाबले से बाहर हो सकते हैं। यह मैच बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) मैदान पर खेला जाएगा। यश ढुल की जगह टीम में उदय सहारन को शामिल किए जाने की संभावना है। वहीं, सलामी बल्लेबाज सनत सांगवान के कमरान इकबाल के साथ पारी की शुरुआत करने की उम्मीद है।
ग्रेड-2 हैमस्ट्रिंग चोट की आशंका
मामले की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने शनिवार को आईएएनएस को बताया कि यश ढुल ने शनिवार को ट्रेनिंग में हिस्सा लिया था, लेकिन उनकी चोट को लेकर चिंता बनी हुई है। सूत्र के मुताबिक, 'हालांकि वह आज ट्रेनिंग कर रहे थे, लेकिन ग्रेड-2 हैमस्ट्रिंग चोट की आशंका के कारण यश धुल सेमीफाइनल मैच से बाहर हो सकते हैं। माना जा रहा है कि उनकी जगह उदय सहारन टीम में आ सकते हैं। इसका मतलब है कि रविवार से शुरू होने वाले मैच में सनत सांगवान के खेलने की संभावना अधिक है।'
क्वार्टर फाइनल में यश ढुल के चयन पर उठे थे सवाल
- यश ढुल की चोट ऐसे समय आई है, जब वेस्ट जोन के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में उनके चयन को लेकर पहले ही सवाल उठ चुके थे। नॉर्थ जोन के कोच अजय शर्मा और सरनदीप सिंह ने पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में टीम के लिए शानदार प्रदर्शन करने वाले सनत सांगवान को बाहर रखते हुए यश ढुल को प्लेइंग इलेवन में मौका दिया था।
- सांगवान पिछले रणजी सीजन में नॉर्थ जोन के लिए तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। वहीं, यश ढुल 2022 पुरुष अंडर-19 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के कप्तान रह चुके हैं।
- हालांकि, 2025-26 रणजी सीजन में यश ढुल का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। उन्होंने उस सीजन में 381 रन बनाए थे। इसके बावजूद उन्हें सलामी बल्लेबाज के तौर पर उतारा गया, जबकि यह उनकी विशेषज्ञ भूमिका नहीं मानी जाती है।
- वेस्ट जोन के तेज गेंदबाजों के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में भी यश ढुल संघर्ष करते नजर आए। वह पहली पारी में नौ रन बनाकर आउट हुए, जबकि दूसरी पारी में अपना खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद टीम प्रबंधन के इस फैसले की काफी आलोचना हुई थी।
वेस्ट जोन को हराकर नॉर्थ जोन का बढ़ा आत्मविश्वास
नॉर्थ जोन ने क्वार्टर फाइनल में स्टार खिलाड़ियों से सजी वेस्ट जोन की टीम को 52 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई है। इस जीत से टीम के खिलाड़ियों का मनोबल काफी बढ़ा हुआ है। टीम को सेमीफाइनल से पहले भारतीय तेज गेंदबाज गुरनूर बरार के जुड़ने से भी मजबूती मिली है। सूत्र ने बताया कि साहिल लोटरा को टीम से रिलीज कर दिया गया है, जबकि बुखार से उबरने के बाद आयुष बदोनी सेमीफाइनल के लिए उपलब्ध रहेंगे।
तिलक वर्मा की कप्तानी में उतरेगा साउथ जोन
- दूसरी ओर, पिछले साल की उपविजेता साउथ जोन की कमान भारत के टी20 उप-कप्तान तिलक वर्मा संभालेंगे। टीम में रिकी भुई, शेख रशीद, नारायण जगदीसन और करुण नायर जैसे अनुभवी और प्रतिभाशाली बल्लेबाज मौजूद हैं।
- गेंदबाजी विभाग में लेग स्पिनर श्रेयस गोपाल और बाएं हाथ के स्पिनर तनाय त्यागराजन अहम भूमिका निभा सकते हैं। वहीं, एमडी निधीश और विद्वथ कावेरप्पा तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करेंगे।
- ऐसे में नॉर्थ जोन और साउथ जोन के बीच होने वाला सेमीफाइनल मुकाबला रोमांचक होने की उम्मीद है। नॉर्थ जोन जहां क्वार्टर फाइनल की जीत के आत्मविश्वास के साथ उतरेगा, वहीं साउथ जोन की नजरें फाइनल में जगह बनाने पर होंगी।