भारतीय टीम आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में हार गई है। इंग्लैंड के ओवल ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने उसे 209 रन से हरा दिया। मैच के पांचवें दिन रविवार (11 जून) को टीम इंडिया की उम्मीदें विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे पर थी। कोहली के 49 रन के निजी स्कोर पर आउट होते ही भारतीय टीम की हार करीब-करीब तय हो गई। इसके बाद कंगारू गेंदबाजों ने मैच को समाप्त करने में देरी नहीं लगाई।
विराट मैच की दूसरी पारी में जिस तरह आउट हुए, उस कारण उनकी आलोचना हो रही है। स्कॉट बोलैंड की बाहर जाती गेंद को उन्होंने कवर की ओर खेलने की कोशिश की और गेंद बल्ले से लगकर दूसरी स्लिप पर खड़े स्टीव स्मिथ के पास चली गई। बोलैंड की गेंद ऑफ स्टंप से काफी ज्यादा बाहर थी। विराट इस गेंद को छोड़ सकते थे, लेकिन उन्होंने ड्राइव लगाने का फैसला किया और यह काफी भारी पड़ गया।
2018 में भी 49 रन पर हुए थे आउट
स्टंप से बाहर जाती गेंद कोहली के लिए बहुत सालों से परेशानी का कारण बनी हैं। विराट इस तरह की गेंद को छोड़ ही नहीं पाते हैं। वह विपक्षी टीम की जाल में फंस जाते हैं। ओवल में जिस तरह कोहली आउट हुए, उसने प्रशंसकों को पांच साल पुराने मैच की याद दिला दी। इस मैदान पर विराट इसी तरह इतने ही रन (49) पर आउट हुए थे।
बेन स्टोक्स ने किया था आउट
दरअसल, भारतीय टीम 2018 में इंग्लैंड के दौरे पर गई थी। पांच मैचों की सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला ओवल में खेला गया था। विराट पहली पारी में 49 रन बनाकर आउट हो गए। तब बेन स्टोक्स की बाहर जाती गेंद पर वह बल्ला लगा बैठे थे। उस समय भी वह दूसरे स्लिप में ही लपके गए थे। तब कोहली का कैच जो रूट ने लिया था। इस वाकये को पांच साल हो गए, लेकिन कोहली अपनी गलती से नहीं सीख पाए।
गावस्कर ने की कोहली के शॉट की आलोचना
विराट कोहली के इस शॉट की आलोचना पूर्व कप्तान और महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने मैच के बाद की। उन्होंने कहा, ''यह एक खराब शॉट था। मुझसे नहीं बल्कि इस बारे में कोहली से पूछना चाहिए कि उन्होंने यह शॉट क्यों खेला, क्योंकि गेंद ऑफ स्टंप से काफी बाहर थी। विराट ऑफ स्टंप की गेंद को लगातार छोड़ रहे थे। उन्हें शायद यह लगा होगा कि अर्धशतक पूरा करने के एक रन चाहिए। जब आप किसी रिकॉर्ड या उपलब्धि के करीब होते हैं तो ऐसा होता है।''
गावस्कर ने आगे कहा, ''यह एक खराब शॉट था। इस बारे में कोहली से जरूर पूछा जाना चाहिए। वह बोलते हैं कि मैच जीतने के लिए लंबी पारी या शतक की आश्यकता होती है। आप लंबी पारी कैसे खेलेंगे जब स्टंप से बाहर जाती गेंद को खेलेंगे।''