फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

WTC 2021: बायो-बबल से जुड़े विराट-रोहित, सात दिन रहेंगे क्वारंटीन, हर दिन होगा कोरोना टेस्ट

Tue, 25 May 2021 03:58 PM IST
मुकेश कुमार झा स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

सार

  • भारतीय टीम के बायो बबल में शामिल हुए विराट-रोहित
  • दोनों खिलाड़ियों के रहने और वर्क आउट की व्यवस्था अलग
  • 19 मई को बायो-बबल में शामिल हुए खिलाड़ियों से अभी नहीं मिलेंगे विराट और रोहित
  • भारतीय टीम दो जून को इंग्लैंड के लिए उड़ान भरेगी
विज्ञापन
रवि शास्त्री-विराट कोहली-रोहित शर्मा - फोटो : social Media
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय कप्तान विराट कोहली, उप कप्तान रोहित शर्मा और मुख्य कोच रवि शास्त्री भी मंगलवार को इंग्लैंड के दौरे पर जाने वाली टीम के लिए तैयार किए बायो बबल में शामिल हो गए। इसके साथ ही भारत की पुरुष और महिला टीमों का आठ दिन का कड़ा पृथकवास भी शुरू हो गया।

विज्ञापन


विराट और रोहित समेत देर से बायो बबल में आए खिलाड़ियों के रहने और वर्क आउट की व्यवस्था अलग की गई है। विराट-रोहित 19 मई को बायो बबल में शामिल हुए खिलाड़ियों से अभी नहीं मिलेंगे। विराट और रोहित दो जून को ही बाकी टीम मेंबर्स के साथ जुड़ेंगे। विराट और रोहित का हर दिन कोरोना टेस्ट किया जाएगा।  

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सूत्रों ने बताया, 'ऋद्धिमान साहा और प्रसिद्ध कृष्णा कोविड-19 से पूरी तरह उबरने पर दो दिन बाद बायो बबल में आएंगे। मुंबई में रहने वाले खिलाड़ी जैसे विराट, रोहित और कोच शास्त्री बायो बबल में चले गए हैं। ' पता चला है कि खिलाड़ियों के परिवारों को अभी तक मंजूरी नहीं मिली है लेकिन बीसीसीआई को उम्मीद है कि जल्द ही ऐसा हो जाएगा।
विज्ञापन


सूत्रों ने कहा, 'हम खिलाड़ियों को तीन महीने तक अपने परिवारों से दूर नहीं रख सकते हैं और वह भी बायो बबल में। यह मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी अच्छा नहीं है।' टीमों के इंग्लैंड पहुंचने पर पृथकवास की अवधि को लेकर अब भी बातचीत चल रही है। इस अवधि को कम किया जा सकता है।

विज्ञापन

भारतीय महिला टीम की सदस्यों ने भी मुंबई में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के करीब स्थित ग्रैंड हयात में आठ दिन के कड़े पृथकवास में प्रवेश कर लिया है। सभी खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के आरटी-पीसीआर के तीन परीक्षण निगेटिव आने के बाद दोनों टीमों के दो जून को इंग्लैंड रवाना होने की संभावना है।

पुरुष और महिला टीम के ज्यादातर खिलाड़ी 19 मई को ही मुंबई पहुंचकर बायो-बबल में शामिल हो गए थे। इनमें शुभमन गिल, मोहम्मद शमी, इशांत शर्मा, वॉशिंगटन सुंदर, मयंक अग्रवाल, रविचंद्रन अश्विन, मोहम्मद सिराज, मिताली राज, हरमनप्रीत कौर, शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना जैसे स्टार्स शामिल थे। ये सभी खिलाड़ी दो हफ्ते तक क्वारंटीन रहेंगे।

भारतीय टीम दो जून को इंग्लैंड के लिए उड़ान भरेगी। इसके बाद वहां भी खिलाड़ियों को 10 दिन क्वारंटीन रहना होगा। हालांकि, तीन दिन के सख्त क्वारंटीन के बाद बाकी सात दिनों तक खिलाड़ियों को प्रैक्टिस करने की भी इजाजत दी जाएगी। साथ ही उनकी समय-समय पर कोरोना जांच भी होगी। बीसीसीआई ने इसके साथ ही अपने खिलाड़ियों के दूसरे डोज के लिए इंग्लैंड में भी व्यवस्था की है। विराट, रोहित, रहाणे समेत कई खिलाड़ियों ने टीके का पहला डोज लगवा भी लिया है।

भारतीय पुरुष टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ 18 जून से विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेलना है। इसके बाद टीम इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलेगी। महिला टीम को इंग्लैंड के खिलाफ एक टेस्ट, तीन वनडे और इतने ही टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने हैं। महिला टीम अपना अभियान 16 जून से शुरू करेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें