फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

WTC Final: इंग्लैंड में 145 साल के टेस्ट इतिहास में पहली बार! ऑस्ट्रेलिया-द.अफ्रीका ने बनाया यह अनचाहा रिकॉर्ड

Thu, 12 Jun 2025 08:24 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लंदन

सार

इंग्लैंड में टेस्ट क्रिकेट 1880 से खेला जा रहा है। तब से इस फाइनल से पहले तक इस देश में 561 टेस्ट हुए, लेकिन कभी यह रिकॉर्ड नहीं बना। अब फाइनल में पहली बार ऐसा हुआ है। आइए जानते हैं वह अनचाहा रिकॉर्ड कौन सा है...
विज्ञापन
उस्मान ख्वाजा और मार्करम खाता खोले बिना आउट होने के बाद - फोटो : ICC Twitter
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 फाइनल के पहले दिन लॉर्ड्स में तेज गेंदबाजों का बोलबाला रहा। कगिसो रबाडा (51 रन पर पांच विकेट) और मार्को यानसेन (49 रन पर तीन विकेट) की धारदार गेंदबाजी से ऑस्ट्रेलिया को 212 रन पर समेटने के बाद दक्षिण अफ्रीका की भी शुरुआत खराब रही और उसने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 43 रन पर चार विकेट गंवा दिए हैं। मिचेल स्टार्क (10 रन पर दो विकेट) ने दोनों सलामी बल्लेबाजों एडेन मार्करम (00) और रेयान रिकेल्टन (16) को जल्दी पवेलियन भेजकर ऑस्ट्रेलिया को अच्छी शुरुआत दिलाई। कप्तान पैट कमिंस (14 रन पर एक विकेट) और जोश हेजलवुड (10 रन पर एक विकेट) ने भी एक-एक विकेट चटकाया। पहले दिन ही एक ऐसा अनचाहा रिकॉर्ड बना जो इंग्लैंड में टेस्ट क्रिकेट के 145 साल के इतिहास में नहीं बना था। 
विज्ञापन
Trending Videos

दोनों टीमों का नंबर-एक बल्लेबाज शून्य पर आउट
दरअसल, इंग्लैंड में टेस्ट क्रिकेट 1880 से खेला जा रहा है। तब से इस फाइनल से पहले तक इस देश में 561 टेस्ट हुए, लेकिन कभी यह रिकॉर्ड नहीं बना। अब फाइनल में पहली बार ऐसा हुआ है कि इंग्लैंड में किसी टेस्ट में दोनों टीमों का पहले नंबर का बल्लेबाज (पहली गेंद पर स्ट्राइक लेने वाला बल्लेबाज) अपनी-अपनी पहली पारी में खाता नहीं खोल सका हो। बुधवार को ऑस्ट्रेलिया के उस्मान ख्वाजा शून्य पर आउट हुए थे। उन्हें रबाडा ने पवेलियन भेजा था। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी में एडेन मार्करम भी खाता नहीं खोल पाए। यह अनचाहा रिकॉर्ड इंग्लैंड में 145 साल के टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहली बार बना। ओवरऑल (सभी देशों को मिलाकर) ऐसा 10वीं बार हुआ है। 

बेडिंघम और बावुमा नाबाद
पहले दिन का खेल खत्म होने पर दक्षिण अफ्रीका के डेविड बेडिंघम आठ, जबकि कप्तान तेम्बा बावुमा तीन रन बनाकर खेल रहे थे। दक्षिण अफ्रीका की टीम अब भी ऑस्ट्रेलिया से 169 रन से पीछे है। ऑस्ट्रेलिया को इससे पहले ब्यू वेबस्टर (72 रन, 92 गेंद, 11 चौके) और स्टीव स्मिथ (66 रन, 112 गेंद, 10 चौके) ने पांचवें विकेट के लिए 79 रन की साझेदारी करके उस समय मुश्किल से उबारा जब टीम 67 रन पर चार विकेट गंवा चुकी थी। इन दोनों के अलावा एलेक्स कैरी (23) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पाए। वेबस्टर और कैरी ने छठे विकेट के लिए 46 रन की साझेदारी भी की।

द. अफ्रीका की भी खराब बल्लेबाजी
दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत भी खराब रही। टीम ने पहले ओवर में ही मार्करम (00) का विकेट गंवा दिया जो मिचेल स्टार्क की गेंद पर बोल्ड हुए। वियान मुल्डर को एक रन के निजी स्कोर पर स्टार्क की गेंद पर कैरी ने जीवनदान दिया। सलामी बल्लेबाज रियान रिकेल्टन (16) ने स्टार्क और हेजलवुड पर चौके मारे। वह हालांकि स्टार्क की गेंद पर पहली स्लिप में उस्मान ख्वाजा को कैच दे बैठे। मुल्डर ने 44 गेंद में छह रन बनाने के दौरान काफी संघर्ष किया और फिर ऑस्ट्रेलिया के कप्तान कमिंस की गेंद पर बोल्ड हो गए। हेजलवुड ने ट्रिस्टन स्टब्स (02) को बोल्ड करके दक्षिण अफ्रीका का स्कोर चार विकेट पर 30 रन किया।

बावुमा ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया
इससे पहले आसमान में छाए बादलों के बीच दक्षिण अफ्रीका के कप्तान बावुमा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया जिसे उनके गेंदबाजों ने सही साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। ऑस्ट्रेलिया के लिए बल्ले से पहला रन मार्नस लाबुशेन (17) ने यानसेन पर पारी के चौथे ओवर में दो रन के साथ बनाया। लाबुशेन पहली बार टेस्ट क्रिकेट में पारी का आगाज कर रहे थे। रबाडा ने सातवें ओवर में उस्मान ख्वाजा को स्लिप में डेविड बेडिंघम के हाथों कैच कराके दक्षिण अफ्रीका को पहली सफलता दिलाई। ख्वाजा 20 गेंद खेलने के बाद भी खाता नहीं खोल पाए।

पहली बार लाबुशेन ओपनिंग करने उतरे
मार्च 2024 के बाद पहली बार टेस्ट क्रिकेट खेल रहे कैमरन ग्रीन (04) ने रबाडा की पहली ही गेंद पर चौका जड़ा लेकिन एक गेंद बाद स्लिप में एडेन मार्करम के हाथों लपके गए। लाबुशेन और स्मिथ ने इसके बाद पारी को आगे बढ़ाया। स्मिथ ने रबाडा जबकि लाबुशेन ने लुंगी एनगिडी पर चौका जड़ा। स्मिथ ने भी एनगिडी के ओवर में दो चौके मारे। यानसेन ने लाबुशेन को विकेटकीपर काइल वेरेने के हाथों कैच कराके इस साझेदारी को तोड़ा। उन्होंने लंच से पहले की अंतिम गेंद पर ट्रेविस हेड (11) को भी लेग साइड में विकेटकीपर के हाथों कैच कराके दक्षिण अफ्रीका का स्कोर चार विकेट पर 67 रन किया।

स्मिथ-बेबस्टर ने संभाली पारी
स्मिथ और वेबस्टर ने इसके बाद पारी को संभाला। स्मिथ ने रबाडा पर दो चौके मारे। वेबस्टर आठ रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब रबाडा ने उनके खिलाफ पगबाधा की विश्वसनीय अपील की जिसे अंपायर ने ठुकरा दिया। दक्षिण अफ्रीका ने डीआरएस का सहारा नहीं लिया लेकिन रीप्ले में दिखा कि अगर टीम ऐसा करती तो मैदानी अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ता।

स्मिथ और वेबस्टर का अर्धशतक
स्मिथ ने 33वें ओवर में रबाडा पर चौके के साथ 76 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और टीम का स्कोर भी 100 रन के पार पहुंचाया। स्मिथ ने इंग्लैंड में 18वीं बार 50 रन से अधिक की पारी खेली जो किसी मेहमान टीम के बल्लेबाज की ओर से नया रिकॉर्ड है। वेबस्टर ने भी लय हासिल करते हुए एनगिडी पर दो चौके मारे। स्मिथ इसके बाद कामचलाऊ स्पिनर मार्करम का शिकार बने जब उनकी गेंद को कट करने की कोशिश में स्लिप में यानसेन को कैच दे बैठे। उन्होंने 112 गेंद का सामना करते हुए 10 चौके मारे। 
विज्ञापन

रबाडा ने पांच विकेट झटके
वेबस्टर ने वियान मुल्डर पर दो चौके मारे और फिर इसी गेंदबाज पर एक रन के साथ 69 गेंद में अपना दूसरा अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने कैरी के साथ मिलकर चाय तक ऑस्ट्रेलिया को और झटके नहीं लगने दिए। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे सत्र में एक विकेट पर 123 रन बनाकर मैच में वापसी करने की कोशिश की। अंतिम सत्र में केशव महाराज ने दूसरे ओवर की पहली ही गेंद पर कैरी को बोल्ड किया जबकि रबाडा ने अगले ओवर में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस (01) के स्टंप उखाड़े। वेबस्टर ने रबाडा पर लगातार दो चौके मारे लेकिन अगली गेंद पर बेडिंघम को कैच दे बैठे। यानसेन ने नाथन लियोन (00) को बोल्ड किया जबकि रबाडा ने स्टार्क (01) को बोल्ड करके पारी में पांचवां विकेट हासिल किया और ऑस्ट्रेलिया की पारी को समेटा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें