भारत और न्यूजीलैंड के बीच के आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल मैच साउथम्पटन के एजिस बाउल में खेला ज रहा है। आज मैच का पांचवां दिन है। लेकिन क्रिकेट फैऩ्स के लिए बहुत अच्छी खबर नहीं है। मौजूदा समय में साउथम्पटन में ओवरकास्ट कंडीशन हैं और बारिश होने के पूरे आसार हैं। फाइनल के चौथे दिन खराब मौसम और बारिश के चलते एक गेंद भी नहीं फेंकी कई थी। वहीं पहले दिन का खेल भी बारिश की भेंट चढ़ गया था। कुल मिलाकर फाइनल में 2 दिन का खेल बारिश और खराब मौसम के चलते नहीं हो सका है। अब फाइनल मुकाबला ड्रॉ की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने बयान दिया है।
लिटिल मास्टर के नाम से मशहूर गावस्कर का मानना है कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल बारिश के कारण ड्रॉ रहने पर आईसीसी को विजेता के चयन का तरीका तलाशना चाहिए।
गावस्कर ने एक टीवी चैनल से कहा, विश्व टैस्ट चैंपियनशिप फाइनल ड्रॉ रहने पर विजेता के चयन का कोई फॉर्मूला होना चाहिए। आईसीसी क्रिकेट समिति को इस पर सोच कर फैसला लेना चाहिए। आईसीसी पहले ही कह चुकी है कि मैच ड्रॉ रहने पर दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया जाएगा। इस सत्र में नियम में बदलाव संभव नहीं है।
गावस्कर ने कहा, ऐसा लगता है कि डब्लयूटीसी फाइनल ड्रॉ रहेगा। पहली बार किसी फाइनल में संयुक्त विजेता होंगे। दो दिन में तीन पारियां पूरी हो पाना संभव नहीं है। अभी तक फाइनल में 141 . 1 ओवर फेंके गए हैं जबकि 196 ओवर बाकी हैं। गावस्कर ने कहा कि आईसीसी को टेनिस और फुटबॉल की तरह टाइब्रेकर के जरिये विजेता का चयन करना चाहिए।
इससे पहले इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने भी आईसीसी की आलोचना करते हुए कहा था कि इंग्लैंड में कोई भी बड़ा मैच नहीं खेला जाना चाहिए। वहीं टीम इंडिया के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने कहा था कि इस मैच में न तो आईसीसी को टाइमिंग मिली और न ही बल्लेबाजों को।