फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

WTC: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इस चक्र में छह खिलाड़ी भारत के लिए कर सकते हैं डेब्यू, इनमें IPL के तीन स्टार

Sat, 24 Jun 2023 07:01 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

इस WTC चक्र में कुल छह खिलाड़ी टेस्ट में भारत के लिए डेब्यू कर सकते हैं। इनमें से तीन आईपीएल यानी फटाफट क्रिकेट में भी स्टार हैं। आइए जानते हैं...
विज्ञापन
1 of 8
बाएं से- यशस्वी, ऋतुराज, मुकेश, सरफराज और तिलक - फोटो : सोशल मीडिया
टीम इंडिया को वेस्टइंडीज के खिलाफ अगले महीने से दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। इसी के साथ भारत के अगले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र की शुरुआत हो जाएगी। भारत के लिए इस चैंपियनशिप का पिछला दो चक्र शानदार रहा। टीम इंडिया दोनों बार फाइनल में पहुंची, लेकिन खिताबी मुकाबले में उसे हार का सामना करना पड़ा। 2019-2021 WTC साइकिल के फाइनल में भारत को न्यूजीलैंड के हाथों, जबकि 2021-23 साइकिल के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा। इस तरह टीम इंडिया के आईसीसी ट्रॉफी जीतने का सूखा जारी है। पिछले 10 वर्षों से टीम इंडिया कोई भी आईसीसी खिताब नहीं जीत पाई है। पिछली बार भारत ने 2013 में कोई आईसीसी खिताब जीता था। 
विज्ञापन

2 of 8
भारतीय क्रिकेट टीम - फोटो : सोशल मीडिया
बीसीसीआई और चयनकर्ताओं ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए स्क्वॉड में बदलाव कर खिलाड़ियों को संकेत दे दिए हैं कि खराब प्रदर्शन को बख्शा नहीं जाएगा। चेतेश्वर पुजारा को स्क्वॉड से बाहर किया गया है। वहीं, रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे खिलाड़ी करियर के अंतिम पड़ाव पर हैं। ऐसे में बीसीसीआई ने नए खिलाड़ियों को मौका देकर उन्हें एक्सपोजर देने का काम शुरू कर दिया है। विंडीज के खिलाफ सीरीज के लिए भी कुछ नए टैलेंट को मौका मिला है। वहीं, इस WTC चक्र में कुल छह खिलाड़ी टेस्ट में भारत के लिए डेब्यू कर सकते हैं। इनमें से तीन आईपीएल यानी फटाफट क्रिकेट में भी स्टार हैं। आइए जानते हैं...
विज्ञापन

1. ऋतुराज गायकवाड़

3 of 8
ऋतुराज गायकवाड़ - फोटो : सोशल मीडिया
ऋतुराज को हाल फिलहाल में रेड बॉल क्रिकेट की जगह व्हाइट बॉल क्रिकेट में ज्यादा कामयाबी मिली है। हालांकि, उनकी मैदान पर डटे रहने की क्षमता और खराब गेंदों पर ही शॉट खेलने की क्षमता उन्हें बड़ा टैलेंट बनाती है। रेड बॉल क्रिकेट की बात करें तो ऋतुराज ने 28 फर्स्ट क्लास मैचों में 42.19 की औसत से रन बनाए हैं। 2022/23 रणजी सीजन पहला सीजन था जब ऋतुराज का औसत 50 के पार पहुंचा। आईपीएल 2021 से लेकर इस सीजन तक वह लगातार रन बना रहे हैं और उन्होंने साबित किया है कि वह किसी भी बॉलिंग लाइन अप की लय बिगाड़ने में सक्षम हैं। सीएसके के कोच और अपने समय के महान बल्लेबाज रहे स्टीफन फ्लेमिंग ने तो यह तक कहा है कि ऋतुराज मानसिक तौर पर बेहद मजबूत हैं और कोई उन्हें डिगा नहीं सकता।

2. यशस्वी जायसवाल

4 of 8
यशस्वी जायसवाल - फोटो : सोशल मीडिया
पिछले कुछ वर्षों में घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में एक चमकता सितारा भारत को मिला है तो वह है यशस्वी जायसवाल। इस बाएं हाथ के बल्लेबाज को जहां मौका मिला है, वहां उन्होंने रन बनाए हैं। इसी का इनाम सिलेक्टर्स ने उन्हें भारतीय टीम में चयन कर दिया। यशस्वी ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 26 पारियों में 80.21 की औसत से रन बनाए हैं। उनकी सॉलिड टेक्नीक और गेंदबाजों पर अटैक करने की क्षमता ने भारत के घरेलू क्रिकेट में भूचाल मचा दिया है। आईपीएल 2023 में यशस्वी जहां एक तरफ से खूब रन बना रहे थे, वहीं राजस्थान के अन्य बल्लेबाज जूझते हुए दिखाई पड़े थे। विराट कोहली तक ने इस बल्लेबाज की तारीफ की है। यशस्वी ने हाल ही में ईरानी कप में मध्य प्रदेश के खिलाफ रेस्ट ऑफ इंडिया के लिए खेलते हुए 213 और 144 रन की पारियां खेली थीं। कुल मिलाकर उन्होंने इस मैच में 357 रन बनाए थे, जो कि ईरानी कप के किसी मैच में सबसे ज्यादा हैं। यशस्वी न सिर्फ एक बेहतरीन ओपनर हैं, बल्कि वह टीम इंडिया के लिए नंबर तीन पर भी महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।
विज्ञापन

3. सरफराज खान

5 of 8
सरफराज खान - फोटो : सोशल मीडिया
यशस्वी की ही तरह भारतीय घरेलू सर्किट में एक और बल्लेबाज ने खूब नाम कमाया है। इस बल्लेबाज का नाम है सरफराज खान। सरफराज को वैसे उनके फिजीक के लिए काफी आलोचना झेलनी पड़ती है, लेकिन बात जब उनके रन बनाने की क्षमता पर आती है, तो रणजी क्रिकेट के पिछले तीन सीजन में उनके करीब कोई नहीं है। इस बात का अंदाजा आप खुद लगा सकते हैं कि सरफराज का फर्स्ट क्लास क्रिकेट में औसत डॉन ब्रैडमैन के बाद दूसरा सर्वश्रेष्ठ है। यह आंकड़े उन बल्लेबाजों के लिए हैं, जिन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में कम से कम 50 पारियां खेली हों। सरफराज ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 79.65 की औसत से रन बनाए, इनमें 13 शतक और नौ अर्धशतक शामिल हैं। हालांकि, इंडिया-ए से खेलते हुए सरफराज का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। कोच उनकी कुछ खामियों पर अभी भी काम कर रहे हैं, जिनमें शॉर्ट बॉल प्रमुख है। सरफराज आने वाले समय में टीम इंडिया का मुख्य हथियार बन सकते हैं। आने वाले कुछ टेस्ट सीरीज में सरफराज को अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का मौका मिल सकता है।
विज्ञापन

4. तिलक वर्मा

6 of 8
तिलक वर्मा - फोटो : सोशल मीडिया
हैदराबाद के तिलक वर्मा को भी भारतीय क्रिकेट का भविष्य माना जा रहा है। आईपीएल में अपनी बल्लेबाजी से सबको हैरान कर देने वाले तिलक को भी जल्द ही टेस्ट में मौका मिल सकता है। उन्होंने 2022-23 रणजी सीजन चोट की वजह से मिस किया था, लेकिन उनके टेम्परामेंट और टेक्नीक की क्रिकेट पंडित खूब तारीफ करते हैं। खुद क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर भी तिलक के फैन हैं। इस हैदराबादी बैटर को प्रथम श्रेणी क्रिकेट का ज्यादा अनुभव तो नहीं है, लेकिन इंडिया-ए से खेलते हुए पिछले साल न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ तिलक ने शानदार शतकीय पारी खेली थी। यह उनका एकमात्र प्रथम श्रेणी शतक है। तिलक जब अपने रंग में होते हैं तो बल्लेबाजी बेहद आसान दिखने लगती है। भारतीय टीम में उन्होंने भी दावा मजबूत कर लिया है।
विज्ञापन

5. अभिमन्यु ईश्वरन

7 of 8
अभिमन्यु ईश्वरन - फोटो : सोशल मीडिया
28 साल के अभिमन्यु ईश्वरन पिछले कुछ समय से इंडिया-ए के लिए शानदार प्रदर्शन करते आ रहे हैं। यहां तक कि अभिमन्यु इंडिया-ए के कप्तान भी हैं। कई क्रिकेट एक्सपर्ट्स उनके बैटिंग टेक्नीक के कायल हैं। 2013 में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू करने वाले ईश्वरन पिछले तीन साल से भारत के अगले ओपनर बनने की लाइन में खड़े हैं। ईश्वरन का फर्स्ट क्लास क्रिकेट में भी शानदार रिकॉर्ड है। उन्होंने 150 पारियों में 47.85 की औसत से 6556 रन बनाए हैं। 233 रन उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी है। इतना ही नहीं यशस्वी की तरह ईश्वरन नंबर तीन पर भी बल्लेबाजी करने की क्षमता रखते हैं। इंडिया-ए के लिए वह तीसरे नंबर पर ही बल्लेबाजी करते हैं। ईश्वरन के पास कोई आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट तो नहीं है, लेकिन वह ढाका प्रीमियर लीग की कठिन पिचों पर बल्लेबाजी कर खूब मेहनत कर रहे हैं। साथ ही घरेलू सीजन न होने पर ईश्वरन इंग्लैंड में क्लब क्रिकेट खेलने पर भी ध्यान दे रहे हैं।
विज्ञापन

6. मुकेश कुमार

8 of 8
मुकेश कुमार - फोटो : सोशल मीडिया
ऑस्ट्रेलियाई पेसर जोश हेजलवुड की तरह एक्शन रखने वाले मुकेश कुमार भी इस साइकिल में डेब्यू कर सकते हैं। उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैचों के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। ऐसे में उन्हें डेब्यू का भी मौका मिल सकता है। घरेलू क्रिकेट में बंगाल से खेलने वाले मुकेश अपनी कड़ी मेहनत और कंसिस्टेंसी के लिए जाने जाते हैं। घरेलू क्रिकेट में वह लगभग सभी बल्लेबाज को अपनी स्विंग से परेशान कर चुके हैं। पिछले दो सीजन से मुकेश ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है और इसी का इनाम उन्हें भारतीय टीम में सिलेक्ट होकर मिला। मुकेश ने 39 फर्स्ट क्लास मैचों में 21.55 की औसत से 149 विकेट चटकाए हैं। वह ईशान पोरेल और आकाश दीप के साथ मिलकर बंगाल के बॉलिंग अटैक की जान बने हुए हैं। यही वजह है कि बंगाल की टीम पिछले पांच सीजन में से दो बार से रणजी के फाइनल में पहुंची है। इंडिया-ए के लिए भी मुकेश का रिकॉर्ड शानदार रहा है। न्यूजीलैंड-ए और बांग्लादेश-ए के खिलाफ मैचों में मुकेश ने 17.50 की औसत से 18 विकेट चटकाए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें