मुंबई इंडियंस ने हरमनप्रीत के अलावा नेट स्कीवर और यास्तिका पर बड़ा दांव लगाया है
- फोटो : सोशल मीडिया
विमेंस प्रीमियर लीग के पहले सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी हो चुकी है। मुंबई की टीम ने अपने पर्स से पूरे 12 करोड़ रुपये खर्च किए हैं और 17 खिलाड़ियों को खरीदा है। आईपीएल में भारतीय पुरुष टीम के कप्तान रोहित मुंबई का हिस्सा हैं और अब महिलाओं की टी20 लीग में भी भारतीय कप्तान हरमनप्रीत मुंबई के साथ जुड़ गई हैं। हरमन को इस फ्रेंचाईजी ने 1.8 करोड़ की कीमत पर खरीदा। दुनिया की सबसे बेहतरीन महिला खिलाड़ियों में से एक हरमनप्रीत के लिए यह कीमत काफी कम है और मुंबई ने चतुराई के साथ उन्हें अपने साथ जोड़ा है।
हरमनप्रीत कौर के अलावा मुंबई की टीम में ऑलराउंडर पूजा वस्त्राकर और नेट स्कीवर बड़ा नाम हैं। विकेटकीपर यास्तिका भाटिया भी इस टीम के साथ हैं। हीली मैथ्यूज, अमेलिका केर और हीदर ग्राहम भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कमाल कर चुकी हैं। हालांकि, मुंबई के लिए भी विदेशी खिलाड़ियों का सही चयन करना चुनौती होगी।
पुरुषों की तरह महिला टीम में भी मुंबई इंडियंस ने ऑलराउंडर खिलाड़ियों पर जमकर दांव लगाया है और लीग के दौरान इसका फायदा भी मुंबई को मिलेगा। हालांकि, इस टीम में यास्तिका भाटिया एकमात्र विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। ऐसे में उनके चोटिल होने पर यह टीम मुश्किल में फंस सकती है।
पांच खिलाड़ियों को एक करोड़ से ज्यादा
मुंबई ने अपने पांच खिलाड़ियों पर एक करोड़ से ज्यादा की रकम खर्च की है। इस टीम ने सबसे ज्यादा पैसे नेट स्कीवर पर लुटाए और उन्हें 3.2 करोड़ में खरीदा। वह विमेंस प्रिमियर लीग की दूसरी सबसे महंगी खिलाड़ी हैं। इसके अलावा पूजा वस्त्राकर, अमेलिया कर और यास्तिका भाटिया पर भी मुंबई ने एक करोड़ से ज्यादा खर्च किए हैं।