गुजरात की टीम में बेथ मूनी और गार्डनर बड़ा नाम हैं
- फोटो : सोशल मीडिया
विमेंस प्रीमियर लीग के पहले सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी में गुजरात ने विदेशी खिलाड़ियों पर ज्यादा भरोसा जताया है। इस फ्रेंचाइजी ने अपने पर्स से 11.5 करोड़ रुपये खर्च किए हैं और पूरे 18 खिलाड़ी खरीदे हैं। गुजरात की टीम में कोई बड़ी भारतीय खिलाड़ी नहीं है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कमाल करने वाले कई बड़े नाम इस टीम में नजर आते हैं। गुजरात के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी विदेशी खिलाड़ियों का सही इस्तेमाल करने की होगी।
गुजरात ने पूरे छह विदेशी और 12 भारतीय खिलाड़ी खरीदे हैं और पर्स में पांच लाख रुपये बचाए भी हैं। इस फ्रेंचाइजी ने सिर्फ एश्ले गार्डनर और बेथ मूनी पर ही एक करोड़ से ज्यादा पैसे खर्च किए हैं और दोनों को दो करोड़ से ज्यादा कीमत पर खरीदा है। यह टीम गार्डनर या बेथ मूनी को ही अपनी कप्तान बना सकती है। एश्ले गार्डनर को 3.2 करोड़ देकर गुजरात ने लीग की सबसे महंगी विदेशी खिलाड़ी बनाया है।
गुजरात की टीम में स्नेह राणा सबसे बड़ा नाम हैं। उनकी ऑफ स्पिन गेंदबाजी मुंबई के मैदानों में काफी उपयोगी साबित हो सकती है। इसके अलावा इस टीम में हरलीन देओल और दयालन हेमलता जैसी खिलाड़ी भी हैं। गुजरात ने कई युवा खिलाड़ियों को भी मौका दिया है, जो आने वाले समय में बड़ा नाम बन सकती हैं।
गुजरात के लिए सबसे बड़ी कमजोरी यह है कि इस टीम में भारतीय स्टार नहीं हैं। वहीं, हरलीन देओल और सब्बिनेनी मेघना जैसी खिलाड़ी टीम का हिस्सा जरूर हैं, लेकिन उनके चोटिल होने पर टीम में कोई सटीक विकल्प नहीं है। वहीं, विदेशी खिलाड़ियों के मामले में इस टीम ने बेहतरीन चयन किया है और गार्डनर जैसी खिलाड़ियों के चोटिल होने पर सोफिया डंकली और डिएंड्रा डॉटिन जैसी खिलाड़ी भी हैं।