दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स पर गुजरात जाएंट्स के खिलाफ मुकाबले में धीमी ओवर गति के लिए 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। बता दें कि, मंगलवार को वडोदरा में खेले गए मैच में गुजरात ने दिल्ली को तीन रन से हराकर प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को जीवित रखा। इस मैच में गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट पर 174 रन बनाए। जवाब में दिल्ली की टीम निर्धारित ओवरों में आठ विकेट खोकर 171 रन ही बना सकी।
गुजरात पर हार से हुआ दिल्ली को नुकसान
यह जेमिमा का पहला धीमी ओवर गति का अपराध था, जिसके चलते उन पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। पिछले हफ्ते लगातार दो जीत दर्ज करने के बाद दिल्ली कैपिटल्स को इस हार से प्लेऑफ की दौड़ में नुकसान हुआ है। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने 174 रन बनाए, जिसमें आखिरी ओवर में 15 रन आए। लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की शुरुआत खराब रही, लेकिन सातवें विकेट के लिए हुई अहम साझेदारी ने टीम को मुकाबले में बनाए रखा और मैच को आखिरी ओवर तक खींच ले गई।
प्लेऑफ के लिए लगाना होगा दिल्ली को जोर
17वें ओवर में महंगी साबित होने वाली सोफी डिवाइन ने 20वें ओवर में शानदार वापसी की और दबाव में संयम दिखाते हुए गुजरात को करीबी जीत दिलाई। अब दिल्ली कैपिटल्स का अभियान उनके आखिरी लीग मैच पर टिका है, जहां उनका सामना 1 फरवरी को यूपी वॉरियर्स से होगा।