दिल्ली कैपिटल्स की स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स पिछले दो सत्र में उपविजेता रहने के बाद महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के आगामी सत्र में खिताब जीतने के लिए प्रतिबद्ध हैं। दिल्ली की टीम को 2023 में पहले सत्र और 2024 में दूसरे सत्र में फाइनल में क्रमश: मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बंगलूरू के खिलाफ हार के साथ उप विजेता बनकर संतोष करना पड़ा। इस बार जेमिमा को एक कदम आगे जाने की उम्मीद है।
जेमिमा ने दिल्ली कैपिटल्स की विज्ञप्ति में कहा, 'हमने एक टीम के रूप में पिछले दो सत्र में बहुत अच्छा और निरंतर प्रदर्शन किया है। बेशक, हम फाइनल की बाधा को पार नहीं कर पाए जिसे मुझे यकीन है कि हम पार कर लेंगे और ट्रॉफी को अपने हाथ में थामेंगे। लेकिन हम सही चीजें कर रहे हैं।'
उन्होंने कहा, 'कुछ दिन ऐसे होते हैं जब आप परिणाम को नियंत्रित नहीं कर सकते। हम टीम के रूप में कड़ी मेहनत कर रहे हैं और जीतने के लिए खेलते रहेंगे।' आगामी डब्ल्यूपीएल की तैयारियों के बारे में जेमिमा ने कहा, 'मेरी तैयारी बहुत सरल है। मैच में मुझे जिन चीजों का सामना करना होगा, मैं उन परिस्थितियों को अभ्यास में दोहराने की कोशिश करूंगी। चाहे वह आक्रामक तरीके से खेलना हो या एक छोर से पारी को संभालना हो।'
उन्होंने कहा, 'इसमें बहुत अधिक पावर-हिटिंग भी है क्योंकि यह टी20 है। इसलिए मैं भारी गेंदों का इस्तेमाल करती हूं जिससे मुझे अपने बल्ले को तेजी से घुमाने में मदद मिलती है और अधिक ताकत मिलती है।' इस 24 वर्षीय खिलाड़ी ने 18 डब्ल्यूपीएल मैचों में 143.82 के स्ट्राइक रेट से 381 रन बनाए हैं।
14 फरवरी से WPL की शुरुआत
महिला प्रीमियर लीग 2025 के तीसरे संस्करण की शुरुआत 14 फरवरी से होगी। पहली बार इस लीग का आयोजन चार शहरों में होगा। इनमें बड़ौदा, बंगलूरू, मुंबई और लखनऊ शामिल हैं। इस टूर्नामेंट में कुल पांच टीमें शामिल हैं। सभी टीमें एक-दूसरे के खिलाफ दो-दो मैच खेलेंगी। इस तरह एक टीम कुल आठ मुकाबले खेलेगी। टूर्नामेंट में कुल 22 मैच खेले जाएंगे।
14 फरवरी से 11 मार्च तक लीग स्टेज के 20 मुकाबले खेले जाएंगे। दिलचस्प बात यह है कि इस बार किसी भी दिन डबल हेडर नहीं होगा यानी एक भी दिन दो मैच नहीं खेले जाएंगे। पहला मुकाबला गुजरात जायंट्स और मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में 15 मार्च को खेला जाएगा।