लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर गुरुवार को खेले गए एक चैरिटी मैच में वेस्टइंडीज ने वर्ल्ड इलेवन को 72 रन से रौंदा। मैच वेस्टइंडीज में आए तूफान से बर्बाद हुए स्टेडियम के पुनर्निर्माण के मकसद से खेला गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने निर्धारित 20 ओवर्स में 4 विकेट के नुकसान पर 199 रन बनाए।
जवाब में सितारों से सजी वर्ल्ड इलेवन 20 ओवर भी नहीं टिक पाई और 17वें ओवर में 127 रन पर ऑलआउट होते हुए 72 रन के बड़े अंतर से मैच गंवा दिया। वेस्टइंडीज के एविन लुईस को उनकी 26 गेंदों पर खेली 58 रन की पारी के लिए 'मैन ऑफ द मैच' से नवाजा गया।
200 रन के विशाल लक्ष्य को पाने उतरी वर्ल्ड इलेवन की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने दूसरे ओवर में ही तमीम इकबाल (2) के रूप में अपना पहला विकेट गंवाया। फिर तो जैसे विकेटों की झड़ी ही लग गई। ल्यूक रोंची (0), दिनेश कार्तिक (0), सैम बिलिंग्स (4), शोएब मलिक (12) के बाद कप्तान शाहिद अफरीदी (11) भी आया-राम गया राम की तर्ज पर खेलते गए। श्रीलंकाई ऑलराउंडर तिषारा परेरा ने जरूर 37 गेंदों की अपनी 61 रन की पारी से पारी को संभालने की कोशिश की। मगर तब तक काफी देर हो चुकी थी।
वेस्टइंडीज की ओर से विलियम्स ने 3 और बद्री-रसेल ने 2-2 विकेट लिए।