1 अगस्त से इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच शुरू होने जा रही एशेज सीरीज से आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का भी आगाज हो जाएगा। इस पहले एडिशन में कुल नौ टेस्ट टीम: भारत, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, साउथ अफ्रीका, श्रीलंका और वेस्ट इंडीज की टीमें भाग लेंगी। अगले दो साल में ये टीम कुल 71 टेस्ट और 27 टेस्ट सीरीज खेलेंगी। टॉप दो टीमें जून 2021 में लंदन में होने वाले फाइनल मुकाबले में आमने-सामने होंगी। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने सोमवार को कहा कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप से टेस्ट क्रिकेट को एक नया आयाम मिलेगा।