भारत के पास इससे पहले 1999 में तटस्थ स्थल पर टेस्ट मैच खेलने का मौका था, लेकिन तब भारतीय टीम एशियाई टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में नहीं पहुंच पायी थी, जो कि ढाका में खेला गया था। पाकिस्तान और श्रीलंका उस चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचे थे और तब उन्होंने पहली बार तटस्थ स्थल पर टेस्ट मैच खेला था।
वैसे तटस्थ स्थल पर पहला टेस्ट मैच आज से 109 साल पहले ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच 27-28 मई 1912 को मैनचेस्टर में खेला गया था। यह मैच त्रिकोणीय टेस्ट श्रृंखला का हिस्सा था जिसमें इन दोनों टीमों के अलावा मेजबान इंग्लैंड ने हिस्सा लिया था। ऑस्ट्रेलिया ने यह मैच दो दिन में पारी और 88 रन से जीता था। इसके बाद 1999 में ही कोई मैच तटस्थ स्थल पर खेला गया।
पाकिस्तान ने पिछले 20 वर्षों में अपने अधिकतर घरेलू मैच मुख्य रूप से यूएई में खेले हैं। यही कारण है कि तटस्थ स्थल पर सर्वाधिक मैच खेलने का रिकॉर्ड उसी के नाम पर दर्ज है। पाकिस्तान ने अब तक 39 मैच तटस्थ स्थल पर खेले हैं। इनमें से उसे 19 में जीत और 12 में हार मिली है। बाकी आठ मैच ड्रा रहे।
ऑस्ट्रेलिया ने भी 12 मैच तटस्थ स्थलों पर खेले हैं। उसके बाद श्रीलंका (नौ), दक्षिण अफ्रीका (सात) तथा न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज और इंग्लैंड (तीनों छह- छह) का नंबर आता है। अफगानिस्तान ने भी अपने चार मैच तटस्थ स्थलों (भारत और यूएई) में खेले हैं। जिम्बाब्वे ने अफगानिस्तान के खिलाफ अपने दोनों मैच अबुधाबी में खेले थे। आयरलैंड ने अफगानिस्तान के खिलाफ अपना एक मैच देहरादून में खेला है।