आगामी सीरीज भारत को अगले साल होने वाले टी-20 विश्व कप से पहले टीम के मुख्य खिलाड़ियों को अंतिम रूप देने का मौका देगी। स्मृति ने हालांकि कहा कि मुख्य लक्ष्य सीरीज जीतना है जिसके कारण नई खिलाड़ी सामने आएंगी।
आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप का आयोजन आस्ट्रेलिया में अगले साल 21 फरवरी से आठ मार्च तक किया जाएगा। स्मृति ने कहा कि उन्होंने पहले ही टी-20 विश्व कप के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं और अगले छह से आठ महीने में टीम के संयोजन को लेकर काफी कुछ तय हो जाएगा।
उन्होंने कहा, 'मैंने और रमन सर (कोच डब्ल्यूवी रमन) ने उन चीजों पर बात की जिनकी कमी न्यूजीलैंड दौरे पर खली और साथ ही अगले विश्व कप के लिए अपने बल्लेबाजी क्रम पर। इसलिए यह काफी रोमांचक समय है क्योंकि हमारे पास इतनी युवा टीम है। हमें यह देखने के लिए छह से आठ महीने इंतजार करना होगा कि सभी खिलाड़ी कहां हैं।'
टीम में हरमनप्रीत की जगह लेनी वाली आलराउंडर हरलीन देओल के बारे में पूछने पर स्मृति ने कहा, 'मुझे लगता है कि यह चयनकर्ताओं का फैसला है लेकिन मुझे लगता है कि वह शानदार खिलाड़ी है और टी-20 प्रारूप के लिए परफेक्ट आलराउंडर है।' स्मृति ने साथ ही छोटे स्थलों पर मैच कराने के लिए बीसीसीआई की तारीफ की क्योंकि यहां अधिक लोग मैच देखने आते हैं।