वनडे विश्व कप के लिए टिकटों की बिक्री शुक्रवार (25 अगस्त) को शुरू हुई। शुरुआती कुछ घंटे क्रिकेट फैंस के लिए अच्छे नहीं रहे। विश्व कप टिकट के लिए तय की आधिकारिक वेबसाइट शुरू होते ही ठप हो गई। वेबसाइट के 35 से 40 मिनट तक काम नहीं करने के कारण खेल प्रेमियों को टिकट बुक करने में काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
टिकटों की बिक्री काफी देर से शुरु हुई है और पहले ही दिन बिक्री उन मैचों की थी जिसमें भारत नहीं खेल रहा। हालांकि, यह प्रक्रिया स्थानीय समयानुसार रात आठ बजे शुरु हुई और इसके तुरंत बाद प्रशंसकों ने आधिकारिक एप और वेबसाइट के क्रैश होने की शिकायत की। यह एप पांच अक्तूबर से शुरू होने वाले विश्व कप के लिए टिकट साझीदार है। इसकी घोषणा बीसीसीआई ने 23 अगस्त को की थी।
फैंस ने सोशल मीडिया पर निकाला गुस्सा
टिकट बुक करने में परेशानी होने के बाद फैंस ने सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा जाहिर किया। क्रिकेट फैंस ने आईसीसी, बीसीसीआई को टैग करके ट्वीट किए और टिकट नहीं मिलने पर नाराजगी जाहिर की।
भारत के 10 शहरों में होने हैं मैच
विश्व कप में कुल 58 मैच खेले जाएंगे। इनमें 10 अभ्यास मैच शामिल हैं। विश्व कप के मैच भारत के 10 शहरों में खेले जाएंगे। हैदराबाद, अहमदाबाद, धर्मशाला, दिल्ली, चेन्नई, लखनऊ, पुणे, बेंगलुरु, मुंबई और कोलकाता में मुकाबले हैं। गुवाहाटी और तिरुवनंतपुरम के अलावा हैदराबाद में अभ्यास मैच आयोजित किए जाएंगे। बीसीसीआई ने बताया कि टिकट बिक्री वेबसाइट पर मैचों के लिए टिकट खरीदे जा सकते हैं। इस वेबसाइट पर टूर्नामेंट के मुख्य मैचों के साथ-साथ अभ्यास मैचों के टिकट भी मिलेंगे। बीसीसीआई ने अपने ट्वीट में इस वेबसाइट का जिक्र किया था।
अहमदाबाद में पहला और अंतिम मैच
अहमदाबाद में पांच अक्तूबर को उद्घाटन मैच और 19 नवंबर को फाइनल खेला जाएगा। इस विश्व कप में कुल 10 टीमें भाग लेंगी। श्रीलंका और नीदरलैंड की टीमें क्वालिफायर्स के तहत इस टूर्नामेंट में पहुंची हैं।