बांग्लादेश के कप्तान मशरेफ मुर्तजा ने अपने प्रशंसकों की उम्मीदों पर पानी फेरते हुए चेताया है कि विश्व कप में सातवीं रैंकिंग वाली टीम की राह आसान नहीं होगी। पिछले सप्ताह आयरलैंड और वेस्ट इंडीज के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज जीतने से उत्साहित बांग्लादेशी क्रिकेट प्रेमियों ने विश्व कप में टीम से काफी उम्मीदें लगा रखी हैं। उसे पहले तीन मैचों में हालांकि दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड से खेलना है।
मुर्तजा ने इंग्लैंड रवानगी से पहले पत्रकारों से कहा कि हमारे लिए राह आसान नहीं है। पहले तीन मैचों में काफी मजबूत टीमों से सामना है। इन टीमों के खिलाफ सकारात्मक नतीजे लाना आसान नहीं होगा। पिछले पांच से सात साल में लोगों को उम्मीदें बंधी हैं कि हम जीतेंगे लेकिन विश्व कप एकदम अलग है। इंग्लैंड में काफी रन बन रहे हैं और हमें उस हिसाब से रणनीति बनानी होगी।