दूसरे वॉर्म-अप मैच में बांग्लादेश के खिलाफ जीत से खुश भारतीय कप्तान विराट कोहली ने मैच के बाद के.एल राहुल की खूब तारीफ की। राहुल ने बांग्लादेश के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाया। विराट कोहली ने मैच के बाद कहा कि 5 जून को साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत के मैच से पहले राहुल का फॉर्म टीम के लिए सबसे अच्छा संकेत है।
रोहित (19) , धवन (1) और कप्तान कोहली (47) के आउट होने के बाद लोकेश राहुल ने अहम वक्त पर पारी को संभाला। नम्बर-4 पर बल्लेबाजी करने उतरे राहुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 99 गेंदों में 108 रन बनाए। इसमें 12 चौके और 4 छक्के भी शामिल हैं।
भारत ने अपने दूसरे वॉर्म-अप मैच में बांग्लादेश को 95 रनों से मात दी। इस जीत में राहुल (108) और धौनी (113) की पारी अहम साबित हुई। हालांकि, वर्ल्ड कप के लिए टीम के चयन के समय एमएसके प्रसाद ने नम्बर-4 के लिए विजय शंकर का सिलेक्शन किया था। लेकिन कोहली ने ऐसे संकेत दिए हैं कि नम्बर-4 पर राहुल बल्लेबाजी का जिम्मा संभाल सकते हैं।
कोहली ने मैच के बाद कहा, 'इस मैच में सबसे अच्छा यह रहा कि राहुल नम्बर-4 पर बल्लेबाजी करने उतरे। बाकी सभी खिलाड़ियों को अपनी भूमिका अच्छी तरह पता है, इसलिए ये जरूरी था कि राहुल रन स्कोर करें। राहुल शानदार फॉर्म में हैं और आपने जैसा देखा वह तेजी से रन बटोर सकते हैं।'
राहुल ने जब पूछा गया कि क्या वह नम्बर-4 पर बल्लेबाजी करने के लिए तैयार हैं। तो इस पर राहुल ने कहा, "यह एक टीम का खेल है और आपको किसी भी नम्बर पर बल्लेबाजी करने के लिए तैयार रहना होता है। साथ ही एक खिलाड़ी के नाते आपको किसी भी रोल के लिए तैयार रहना होता है।" 27 साल के इस बल्लेबाज ने कहा कि जिस खिलाड़ी ने इस लेवल पर खेला है उसे प्रेशर झेलना आता है। उसके साथ ही अपनी भूमिका और जिम्मेदारी भी संभालनी आती है।