विश्व कप 2019 में भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर आईसीसी चेयरमैन शशांक मनोहर ने बड़ा बयान दिया है। शशांक मनोहर ने साफ किया है कि इसी साल इंग्लैंड में होने वाले वर्ल्ड कप के लिए आईसीसी की प्राथमिकता सभी टीमों और खासतौर से भारतीय टीम की सुरक्षा पर होगी।
समाचार पत्र टाइम्स ऑफ इंडिया के साथ बात करते हुए शशांक मनोहर ने कहा, 'हमें बीसीसीआई की चिट्ठी मिली है। सुरक्षा का मसला हमारे लिए हमेशा से ही प्राथमिकता का मसला रहा है। दुबई में 2 मार्च को होने वाली आईसीसी की मीटिंग में बीसीसीआई को सुरक्षा के मामले में सारी जानकारियां मुहैया कराई जाएंगी। इस मीटिंग में हम बीसीसीआई के सुरक्षा के हर इंतजाम से अवगत कराएंगे, हर बोर्ड का यह जानने का का पूरा अधिकार है।'
इसके पहले बीसीसीआई ने आईसीसी को लिखी चिट्ठी में इस बात को लेकर चिंता जताई थी कि 30 मई से होने वाले वर्ल्ड कप में भारतीय टीम को खिलाड़ियों, ऑफिशियल्स और फैंस की सुरक्षा खतर में पड़ सकती है।
बता दें कि जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ (CRPF) के काफिले पर हुए आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले वर्ल्ड कप मुकाबले को बायकॉट किए जाने की मांग की जा रही है। इस आत्मघाती हमले में 40 जवान शहीद हुए थे।