कॉन्फेडेरेशन कप के साथ जर्मन टीम
फुटबॉल विश्व चैंपियन जर्मनी ने अपने ताज में एक और नगीना जड़ लिया है। रविवार को रूस के सेंट पीटर्सबर्ग में खेले गए फाइनल मुकाबले में जर्मनी ने चिली को 1-0 के अंतर से मात देकर पहली बार कॉन्फेडरेशन कप खिताब पर कब्जा किया।
मैच का इकलौता गोल जर्मन फुटबॉलर लार्स स्टिंडल ने पहले हाफ के 20वें मिनट में किया। मिडफील्डर मार्सेलो डियाज की एक गलती चिली को भारी पड़ गई। जब वह अपने ही एरिया में गेंद पर काबू नहीं रख सके। चिली ने अपने चिर परिचित अंदाज में अपना आक्रमण जारी रखा। लेकिन उनकी छोटी गलतियों का जर्मन टीम ने फायदा उठाया। पहला हाफ में ही जर्मनी को गोल करने का एक मौका और मिला लेकिन जर्मनी गोल करने से चूक गई।
जर्मनी ने अबतक चार बार विश्वकप( 1954, 1974, 1990, 2014) तीन बार यूएफा कप (1972, 1980 और 1996) खिताब जीता था। उसके कॉन्फेडेरेशन कप जीतने का ख्वाब अब तक अधूरा था जिसे उसने रविवार को पूरा कर लिया।
अगला विश्वकप रूस में ही साल 2018 में खेला जाना है ऐसे में जर्मनी की रूसी धरती पर जीत से विश्वास बढ़ा है कि वह अपना खिताब बचाने में सफल होगी।