पीएम मोदी ने सोशल मीडिया हैंडल ट्विटर पर लिखा- हमारी महिला क्रिकेट टीम हमें अपने धैर्य और निपुणता से हमेशा गौरवान्वित करती है। महिला एशिया कप जीतने पर टीम को बधाई। उन्होंने उत्कृष्ट कौशल और टीम वर्क दिखाया है। खिलाड़ियों को उनके आगामी टूर्नामेंट के लिए शुभकामनाएं।
वहीं, बीसीसीसीआई सचिव जय शाह और भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान ने भी विमेंस टीम इंडिया को बधाई दी है। जय शाह ने एक फोटो शेयर करते हुए लिखा- हम चैंपियन बन गए! महिला एशिया कप में क्या कमाल का प्रदर्शन किया है हमारी टीम ने। शानदार प्रदर्शन करने के लिए कप्तान हरमनप्रीत समेत पूरी टीम को शुभकामनाएं। फाइनल में टीम इंडिया की जीत ने दर्शाया की हमारी टीम कितनी शानदार है और खिलाड़ियों के पास क्लास है।
वहीं, विराट कोहली ने लिखा- भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई। काफी आगे जाना है। विराट फिलहाल पुरुष टीम इंडिया के साथ ऑस्ट्रेलिया में हैं। वहीं, पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने भी टीम इंडिया को बधाई दी है। उन्होंने लिखा- हम एक बार फिर एशिया कप जीत गए। मैं रिकॉर्ड सातवीं बार एशिया कप जीतने के लिए हमारी महिला टीम को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।
मैच जीतने के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा- इस जीत का श्रेय हमें गेंदबाजों को देना चाहिए और पहली गेंद से फील्डिंग यूनिट ने बहुत अच्छा काम किया। हम उन्हें आसानी से रन नहीं देना चाहते थे क्योंकि हर गेंद महत्वपूर्ण है। जिस तरह से हमने प्रदर्शन किया उस पर हमें गर्व है। आपको विकेट को पढ़ना होगा और उसी के अनुसार फील्डिंग करनी होगी। हमने वह काम बहुत अच्छे से किया और उसी के अनुसार फील्डिंग सजाया। इससे हमें वास्तव में मदद मिली। हम स्कोरबोर्ड को नहीं देख रहे थे और हम केवल अपने लिए छोटे लक्ष्य पर नजर बनाए हुए थे। यह सब अच्छा काम कर गया।
हरमनप्रीत और स्मृति मंधाना
भारत ने महिला एशिया कप के फाइनल में श्रीलंका को आठ विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने सातवीं बार महिला एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। बांग्लादेश के सिलहट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका की टीम 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 65 रन ही बना सकी।
जवाब में भारत ने 8.3 ओवर में दो विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत की ओर से पहले रेणुका सिंह ने घातक गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके। इसके बाद स्मृति मंधाना ने नाबाद 51 रन बनाकर मैच जिता दिया। इस तरह महिलाओं ने भारत की पुरुष टीम को पिछले महीने श्रीलंका के खिलाफ सुपर-फोर में मिली हार का बदला भी ले लिया।