भारत ने अपने अभियान की शुरुआत चार बार के चैंपियन आस्ट्रेलिया पर जीत के साथ की और फिर बांग्लादेश, न्यूजीलैंड और श्रीलंका को भी हराकर ग्रुप ए में चार मैचों में आठ अंक के साथ शीर्ष पर रहा। ऐसे में 5 मार्च यानी गुरुवार को होने वाले इस मैच से भारत को बड़ी उम्मीद होगी।
सिडनी के SCG में होने वाले इस मैच से पहले भारत अच्छी फॉर्म में है, लेकिन रिकॉर्ड इंग्लैंड के पक्ष है, जिसने महिला टी-20 विश्व कप में दोनों टीमों के बीच अब तक हुए पांचों मुकाबलों में जीत दर्ज की है। वेस्टइंडीज में पिछले टी-20 विश्व कप के सेमीफाइनल में भी इंग्लैंड ने भारत को आठ विकेट से हराया था।
भारतीय समयानुसार सुबह 9 बजकर 30 मिनट पर शुरू होने वाले इस मैच में शुरुआत से ही टीम इंडिया अपनी पकड़ मजबूत करना चाहेगी। भारत की मौजूदा टीम में शामिल सात खिलाड़ी 2018 में सेमीफाइनल मुकाबले में खेली थीं और अब वे इंग्लैंड से हिसाब चुकता करने को बेताब हैं।
2009, 2012, 2014 और 2016 के विश्व कप में टीम इंडिया को ग्रुप चरण में इस टीम के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी, ऐसे में भारतीय टीम हर उस परेशानी का हल खोजना चाहेगी जो उसे अपने पहले विश्व कप फाइनल में पहुंचने से रोकेगा। इस रोमांचक मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क में होगा।
हॉटस्टार पर भी इस मैच के मजे लिए जा सकते हैं। इसके अलावा
amarujala.com पर लाइव कमेंट्री, पल-पल की अपडेट और महिला विश्व कप से जुड़ी तमाम दिलचस्प कहानियां पढ़ने को मिलेंगी।
भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, जेमिमा रॉड्रिग्स, तानिया भाटिया, शिखा पांडेय, पूनम यादव, दीप्ति शर्मा, वेदा कृष्णमूर्ति, राधा यादव, अरुंधति रेड्डी, हरलीन देओल, राजेश्वरी गायकवाड़, ऋचा घोष और पूजा वस्त्रकार।
इंग्लैंड: हीथर नाइट (कप्तान), टैमी ब्युमोंट, कैथरीन ब्रंट, केट क्रास, फ्रेया डेविस, सोफी एकलेस्टोन, जार्जिया एल्विस, सारा ग्लेन, एमी जोन्स, नताली स्किवर, आन्या श्रुबसोल, मैडी विलियर्स, फ्रेन विल्सन, लारेन विनफील्ड और डेनी वाट।