ऑस्ट्रेलिया ने महिला वर्ल्ड कप को अपने नाम कर लिया है। रविवार (तीन अप्रैल) को क्राइस्टचर्च के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया की टीम ने फाइनल में इंग्लैंड को 71 रनों से हरा दिया। ऑस्ट्रेलिया की टीम सातवीं बार टूर्नामेंट को जीतने में सफल रही है। मेग लेनिंग अपनी कप्तानी में पहली बार ऑस्ट्रेलिया को चैंपियन बनाने में सफल हुई हैं। उनका आईसीसी टूर्नामेंट में यह चौथा खिताब है।
मेग लेनिंग सबसे ज्यादा आईसीसी खिताब जीतने के मामले में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व पुरुष कप्तान रिकी पोंटिंग के बराबर पहुंच गई हैं। लेंनिंग के नाम एक वनडे वर्ल्ड कप के अलावा तीन टी20 वर्ल्ड हैं। उन्होंने 2014, 2018 और 2020 में टी20 वर्ल्ड कप अपने नाम किया था। रिकी पोंटिंग की बात करें तो उन्होंने दो वनडे वर्ल्ड कप और दो चैंपियंस ट्रॉफी जीते थे।
पोंटिंग जीत चुके हैं दो वर्ल्ड कप
पोंटिंग को पहली बार 2003 में सफलता मिली थी। तब ऑस्ट्रेलिया ने वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत को हराया था। इसके बाद 2006 में कंगारू टीम चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी। 2007 में ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज में श्रीलंका को हराकर वनडे वर्ल्ड कप पर कब्जा किया था। 2009 में पोंटिंग की टीम चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी।
धोनी ने जीते हैं तीन अलग-अलग टूर्नामेंट
लेनिंग और पोंटिंग के बाद महेंद्र सिंह धोनी का नंबर आता है। धोनी ने तीन आईसीसी टूर्नामेंट जीते हैं। उन्होंने 2007 टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया को चैंपियन बनाया था। इसके बाद 2011 में 28 साल बाद भारत वनडे वर्ल्ड कप जीतने में सफल रहा था। 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब धोनी के हिस्से आया था।