क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने शुक्रवार को आगामी महिला वनडे विश्व कप के लिए 15 सदस्यीय टीम का एलान कर दिया है। ऑस्ट्रेलियाई टीम अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज एलिसा हीली की अगुआई में महिला वनडे विश्व कप में उतरेगी। बाएं हाथ की स्पिनर सोफी मोलिनक्स और ऑलराउंडर जॉर्जिया वेयरहैम ने चोट से उबरने के बाद टीम में वापसी की है।
सात बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलियाई टीम डिफेंडिंग चैंपियन भी है और आगामी प्रतियोगिता में भी वह अपना दबदबा कायम रखने उतरेगी। यह टूर्नामेंट 30 सितंबर से दो नवंबर तक भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में आयोजित की जाएगी।
चोट से उबरकर वापसी करने में सफल रहीं ये खिलाड़ी
विक्टोरिया की स्पिनर मोलिनक्स घुटने की चोट के कारण जनवरी से ही बाहर थीं। वह हालांकि 14 से 20 सितंबर तक भारत के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में नहीं खेल पाएंगी। डार्सी ब्राउन (क्वाड) और जॉर्जिया वेयरहैम (ग्रोइन) भी अपनी हाल की चोटों से उबरकर टीम में वापसी करने में सफल रहीं।
10 खिलाड़ी 2022 में खेले गए टूर्नामेंट का हिस्सा थीं
ऑस्ट्रेलिया की टीम में 10 ऐसी खिलाड़ी भी शामिल हैं जो 2022 में खेले गए पिछले टूर्नामेंट का भी हिस्सा थीं। इस टीम में एलिस पेरी, बेथ मूनी, एनाबेल सदरलैंड, ताहलिया मैकग्रा और एश्ले गार्डनर जैसी अनुभवी खिलाड़ी भी शामिल हैं। ऑस्ट्रेलिया अपना अभियान एक अक्तूबर को इंदौर में न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू करेगा।
वनडे विश्व कप के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम: एलिसा हीली (कप्तान), डार्सी ब्राउन, एश्ले गार्डनर, किम गार्थ, ग्रेस हैरिस, अलाना किंग, फीबी लिचफील्ड, ताहलिया मैकग्रा, सोफी मोलिनक्स, बेथ मूनी, एलिस पेरी, मेगन शट, एनाबेल सदरलैंड, जॉर्जिया वोल, जॉर्जिया वेयरहैम।