आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को तगड़ा झटका लगा है। पाक महिला टीम की कप्तान बिस्माह मारूफ चोट की वजह से पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गईं हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने घोषणा की कि बिस्माह के दाहिने अंगूठे में फ्रैक्चर हुआ है और उसे सर्जरी की आवश्यकता होगी।
पीसीबी ने एक बयान में कहा, 'क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के आर्थोपेडिक सर्जन से परामर्श के बाद बिस्माह की सिडनी में सर्जरी होगी।' बोर्ड ने कहा कि बिस्माह की गैरमौजूदगी में वरिष्ठ खिलाड़ी जवरिया खान दक्षिण अफ्रीका और थाईलैंड के खिलाफ अपने बाकी दो ग्रुप मैचों में टीम का नेतृत्व करेंगी।
बिस्माह की चोट पाकिस्तान के लिए निश्चित रूप से एक बड़ा झटका है। बगैर बिस्माह पाकिस्तान के पास अपने समूह से सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करने की एक बड़ी चुनौती होगी। बिस्माह टीम के अनुभवी खिलाड़ी हैं। उन्हें 108 वन-डे अंतरराष्ट्रीय और इतने टी-20 अंतरराष्ट्री मैचों में खेलने का अनुभव है।
बता दें कि शुक्रवार को इंग्लैंड ने वर्ल्ड कप के 12वें मुकाबले में पाकिस्तान को 42 रनों से हरा दिया। इस मैच में पाक कप्तान बिस्माह ने केवल चार रन बनाए।