भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर और पाकिस्तान की कप्तान बिस्माह मारूफ
- फोटो : सोशल मीडिया
महिला प्रीमियर लीग के लिए नीलामी होने वाली है, लेकिन भारतीय टीम का फोकस पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले टी20 विश्व कप के पहले मैच पर है जिसमें वे अंडर-19 टीम की सफलता को दोहराना चाहेंगे। महिला आईपीएल के लिए नीलामी 13 फरवरी को मुंबई में है जबकि भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप का मैच 12 फरवरी को केप टाउन में होगा।
हरमनप्रीत ने टी20 विश्व कप कप्तानों के संवाददाता सम्मेलन में कहा- नीलामी से पहले हमें काफी महत्वप़ूर्ण मैच खेलना है और हमारा फोकस उसी पर है। यह विश्व कप सबसे महत्वपूर्ण है। हमारा फोकस आईसीसी ट्रॉफी पर है। ये सब चीजें चलती रहती है और एक खिलाड़ी को पता होता है कि उसके लिए क्या अहम है और उसे फोकस कैसे बनाए रखना है।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम
- फोटो : सोशल मीडिया
विश्व कप हमारे लिए सबसे अहम
हरमनप्रीत ने कहा- हम इतने परिपक्व हैं कि हमें पता है कि हमारे लिए क्या अहम है। शेफाली वर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम ने पिछले महीने पहला अंडर-19 विश्व कप जीता था। सीनियर टीम भी इस सफलता को दोहराना चाहती है। हरमनप्रीत ने कहा- अंडर-19 विश्व कप देखने के बाद हमें प्रेरणा मिली है। उन्होंने हमें अच्छे प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया है। हम सभी के लिए यह खास पल था और उनकी इस कामयाबी से कई लड़कियों को क्रिकेट खेलने की प्रेरणा मिलेगी जो हमेशा से हमारा लक्ष्य था।
महिला आईपीएल से उम्मीद
भारतीय कप्तान ने उम्मीद जताई कि महिला आईपीएल भारत में महिला क्रिकेट के विकास में उसी तरह योगदान देगा जैसे महिला बिग बैश या द हंड्रेड ने ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड में दिया है। उन्होंने कहा- हमारे लिए यह बड़ा दिन है क्योंकि हम वर्षों से इसका इंतजार कर रहे थे। अगले दो तीन महीने काफी महत्वपूर्ण है। हमने देखा है कि महिला बिग बैश लीग और द हंड्रेड ने कैसे उन देशों में महिला क्रिकेट के विकास में मदद की है। उम्मीद है कि ऐसा हमारे देश में भी होगा।